दूषित पेयजल की आपूर्ति से नगरवासी परेशान

नगरीय क्षेत्रों में नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 06:46 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 06:46 PM (IST)
दूषित पेयजल की आपूर्ति से नगरवासी परेशान
दूषित पेयजल की आपूर्ति से नगरवासी परेशान

जागरण संवाददाता, अहरौरा (मीरजापुर) : नगरीय क्षेत्रों में नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते शुद्ध पेयजल के बदले नगर वासी दूषित पानी पीने को विवश हैं। सभासदों का आरोप है कि चेयरमैन व ईओ से मामले की शिकायत करने के बाद भी नगरवासियों को दूषित जलापूर्ति की जा रही है।

सभासदों का कहना है कि नगर के सहुआइन का पोखरा वार्ड में स्थित ट्यूबवेल नंबर पांच के बोर में नाली का दूषित पानी जा रहा है। इसी ट्यूबवेल से नगर में पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। कोरोना काल में संक्रमण रोकने के लिए शासन द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है व रोकथाम के लिए बड़ी धनराशि खर्च की जा रही है, लेकिन अहरौरा नगर पालिका आम लोगों की जिदगी के साथ खिलवाड़ कर रहा है। संचारी रोग अभियान चलाए जाने के बाद भी इस समस्या से पालिका अनजान बनी हुई है। सभासदों ने समस्या की तरफ नपा प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है, लेकिन जिम्मेदारों के कानों में जू तक नहीं रेंग रही है। सभासद इरशाद आलम, कृष्ण कुमार, फरजंद अली, राम जियावन का आरोप है कि ट्यूबवेल के बोर में दूषित पानी जाने की शिकायत का समाधान अभी नहीं किया जा सका है। वहीं मल्लाही टोला वार्ड में लगे ट्यूबवेल का बोर ध्वस्त होने से कई मोहल्लों में पानी की आपूर्ति न होने से पेयजल की समस्या बनी हुई है। सभासद द्वारा इसकी सूचना भी कई बार दी गई, लेकिन इसे रीबोर नहीं कराया जा सका। वार्ड नंबर 14 में स्थित ट्यूबवेल नंबर पांच में दूषित पानी बोर में जाने की जानकारी नहीं है। मामले का पता लगाती हूं। जानकारी होने पर ठीक कराया जाएगा।

प्रतिभा सिंह, प्रभारी अधिशासी अधिकारी

chat bot
आपका साथी