बाइक सवार विद्युत पोल से टकराए, एक की मौत, दूसरा गंभीर

क्षेत्र के सोनबरसा गांव के पास सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने अमरेश कुमार बिद (20) को मृत घोषित करते हुए घायल साथी को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 07:24 PM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 07:24 PM (IST)
बाइक सवार विद्युत पोल से टकराए, एक की मौत, दूसरा गंभीर
बाइक सवार विद्युत पोल से टकराए, एक की मौत, दूसरा गंभीर

जागरण संवाददाता, राजगढ़ (मीरजापुर) : क्षेत्र के सोनबरसा गांव के पास सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने अमरेश कुमार बिद (20) को मृत घोषित करते हुए घायल साथी को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहीं, मड़िहान व अहरौरा सीमा विवाद के चलते लगभग 15 घंटे तक युवक का शव सीएचसी में पड़ा रहा। दोनों थाने की पुलिस एक दूसरे को सीमा बताने के चक्कर में पंचायत करती रही, हालांकि काफी देर बाद अहरौरा पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए ले गई।

सोनभद्र जिले के औरहवा निवासी अमरेश कुमार बिद तथा साथी आलोक कुमार निवासी दरबान राजगढ़ गुरुवार की देर रात एक ही बाइक से किसी काम के सिलसिले में कहीं जा रहे थे। सोनबरसा गांव के पास पहुंचे ही थे कि इसी बीच सामने से आ रहे वाहन से बचने के चक्कर में अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से जाकर टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होने के साथ अचेतावस्था में खून से लथपथ पड़े थे।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, यहां चिकित्सकों ने अमरेश को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। घटना स्थल पर पहुंची राजगढ़ चौकी पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद घटना स्थल अहरौरा थाना क्षेत्र में होने की पुष्टि की जबकि सीएचसी द्वारा राजगढ़ पुलिस को सूचना दिया गया तो पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में मड़िहान थाना का मामला बताया गया।

इस संबंध में मड़िहान थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि घटनास्थल अहरौरा थाना क्षेत्र में है। इसलिए अहरौरा पुलिस को सूचना दे दी गई है। वहीं दो थानों के बीच फंसे सीमा विवाद को लेकर मृतक के स्वजन पर भारी पड़ने लगा। काफी समय बीत जाने के बाद अहरौरा पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए ले गई। अहरौरा थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया गया है।

chat bot
आपका साथी