बागपत: हाईवे पर मार्निंग वाक के लिए निकले युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत

दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रविवार सुबह करीब छह बजे मार्निंग वाक पर निकले 44 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शहर में बुलेट मोटरसाइकिल की वर्कशाप चलाता था मृतक। घर का इकलौता चिराग बुझने से स्वजन में मचा कोहराम।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Sun, 03 Oct 2021 04:00 PM (IST) Updated:Sun, 03 Oct 2021 04:00 PM (IST)
बागपत: हाईवे पर मार्निंग वाक के लिए निकले युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
हाईवे पर मार्निंग वाक के लिए निकले युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला।

बागपत, जेएनएन। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रविवार सुबह करीब छह बजे मार्निंग वाक पर निकले 44 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

यह है मामला

मृतक मनोज पुत्र ब्रह्मपाल शहर की पट्टी चौधरान के रहने वाले थे। उनकी छपरौली चुंगी पर बुलेट मोटरसाइकिल की वर्कशाप है। रविवार सुबह रोजाना की तरह वह शहर के जनता वैदिक कालेज के मैदान में जागिंग के लिए पैदल जा रहे थे। शहर की बावली चुंगी पर हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन उन्हें रौंदता हुआ चला गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अल सुबह हुए हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्वजन को हादसे की जानकारी दी गई। आनन-फानन में स्वजन हादसा स्थल पर पहुंचे तो शव देखकर बिलख पड़े। मृतक मनोज अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनका एक बेटा और दो बेटियां हैं। घर का इकलौता चिराग बुझ जाने से वृद्ध माता-पिता और पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतावाली प्रभारी रवि रत्न सिंह ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया दिया। हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर अज्ञात वाहन चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपित को तलाश लिया जाएगा।

हाईवे पर बने तिराहे और चौराहे बने एक्सीडेंटल जोन

शहर के अंदर हाईवे पर बनाए तिराहे और चौराहे पर ट्रैफिक सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त है, जिसके कारण यहां रोजाना छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। यातायात पुलिस की तैनाती और संकेतक की व्यवस्था न होने के कारण चौराहों पर हमेशा अराजक स्थिति बनी रही है। शहर की बावली चुंगी तिराहा, छपरौली चुंगी चौराहे पर रोजाना हादसे हो रहे हैं मगर उदासीनता की चादर ओढ़े पुलिस-प्रशासन के अधिकारी चैन की नींद ले रहे हैं।  

chat bot
आपका साथी