दहेज के लिए शादी की पहली रात विवाहिता पर जुल्म

शादी की पहली रात ही एक विवाहिता पर पति ने जुल्म ढाया। कम दहेज मिलने से नाराज युवक ने उसको पीटा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 29 Nov 2020 08:35 PM (IST) Updated:Sun, 29 Nov 2020 08:35 PM (IST)
दहेज के लिए शादी की पहली रात विवाहिता पर जुल्म
दहेज के लिए शादी की पहली रात विवाहिता पर जुल्म

मेरठ, जेएनएन। शादी की पहली रात ही एक विवाहिता पर पति ने जुल्म ढाया। कम दहेज मिलने से नाराज युवक ने उसको पीटा। अगले दिन पहुंचे पत्नी के मायके वालों को भी भगा दिया। पीड़िता के स्वजन ने तहरीर दी है। उधर, दोनों पक्षों की पंचायत भी हुई। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र निवासी युवती की शादी गत बुधवार को क्षेत्र के ही युवक से हुई। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं थे। पहली ही रात दंपती में विवाद हो गया। रविवार को पीड़िता के स्वजन थाने पहुंचे। उन्होंने पति और अन्य ससुरालियों पर मारपीट और बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। थाना प्रभारी सुभाष अत्री ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

छेड़छाड़ के विरोध पर मारपीट : लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र निवासी युवती रविवार सुबह घर के पास ही एक दुकान से सामान लेने जा रही थी। आरोप है कि मोहल्ले के ही युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। आपत्ति जताने पर उसका हाथ पकड़ने का प्रयास किया। इसकी जानकारी उसने घर जाकर स्वजन को दी। वह विरोध जताने पहुंचे तो दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें कई लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कराते हुए पुलिस को सूचना दी। पीड़िता ने तहरीर दे दी है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

पांच लाख व कार के लिए विवाहिता को दिया तलाक: लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की शौकत कालोनी निवासी आयशा की शादी पांच माह पूर्व अंजुम पैलेस खुशहाल कालोनी निवासी इब्राहिम से हुई थी। आरोप है कि दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाता था। आए दिन उससे मारपीट होती थी। दो दिन पूर्व फिर से दंपती में विवाद हो गया। आरोप है कि पति ने स्वजनों के साथ मिलकर विवाहिता की पिटाई कर दी। उसे घर से निकाल दिया। विरोध करने पर तीन तलाक दे दिया। वह मायके पहुंची और जानकारी दी। मायके वाले रिश्तेदारों को लेकर ससुराल पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता की गई। पीड़िता ने कप्तान आवास पर पहुंचकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसएसपी अजय साहनी ने थाना पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं, पुलिस आरोपित के घर पहुंची तो वह छत से कूदकर भाग गया।-जासं

chat bot
आपका साथी