मेरठ के गांव में जंगली जानवर ने किशोर पर मारा झपट्टा

महमूदपुर के खादर स्थित जंगल में पीर के पास शावकों सहित शिकार खा रहे जंगली

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 09:15 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 09:15 PM (IST)
मेरठ के गांव में जंगली जानवर ने किशोर पर मारा झपट्टा
मेरठ के गांव में जंगली जानवर ने किशोर पर मारा झपट्टा

मेरठ,जेएनएन। महमूदपुर के खादर स्थित जंगल में पीर के पास शावकों सहित शिकार खा रहे जंगली जानवर ने एक किशोर पर झपट्टा मार दिया। जानवर को देख किशोर बेहोश हो गया। किशोर की गर्दन पर खरोंच के निशान आए हैं। ग्रामीण दौड़े तो जानवर भाग गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

रविवार शाम लगभग पांच बजे सुरेशपाल अपनी पत्नी और रिश्तेदार 17 वर्षीय किरनपाल के साथ खादर में बादशाहपुर स्थित खेत पर गन्ना बांध रहा था। इसी बीच उसने किरनपाल को पास में ही पूर्व प्रधान आदेश के खेत पर लगे हैंडपंप से पानी लेने भेज दिया। किरनपाल ने बताया की रास्ते में उसे चीता जैसा एक जानवर दो शावकों के साथ शिकार खाता दिखाई दिया। किरनपाल को देख जानवर पहले गुर्राया और फिर दहाड़ते हुए उस पर हमले का प्रयास किया। यह देख किशोर की चीख निकली और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। चीख सुनकर सुरेश और उसकी पत्नी शोर मचाते हुए घटनास्थल की तरफ दौड़े। आसपास काम कर रहे लोग भी मौके पर पहुंच गए। शोर सुनकर जानवर भाग गया। किरनपाल की गर्दन पर खरोंच के निशान थे। कुछ दूरी पर खून पड़ा हुआ था। किशोर को परीक्षितगढ़ में चिकित्सक को दिखाया गया जहां उसे कुछ देर में होश आ गया। इस बीच सैकड़ों ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और जानवर को घंटों तक तलाशा लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों की सूचना पर वनकर्मी भी पहुंचे और जानकारी लेकर लौट गए। इन्होंने कहा-

बूढ़ी गंगा की ओर हस्तिनापुर वन्य क्षेत्र होने के कारण वहां जंगली जानवरों का वास रहता है। अक्सर वहां शिकार के साक्ष्य भी मिलते रहते हैं। लेकिन रविवार को कोई शिकार का साक्ष्य नहीं मिला है। किशोर क्यों बेहोश हुआ यह भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। टीम मौके पर खोज में जुटी है।

जगन्नाथ कश्यप, रेंजर, वन विभाग

chat bot
आपका साथी