कोई बिजली को तरसा, कोई रहा प्यासा.. मुश्किल में बीता मंगल

बिजली आपूर्ति के साथ ही शहर की जलापूर्ति भी लड़खड़ा गई है। मंगलवार को शहर में जहां पांच नलकूपों से सुबह की पाली में दो से तीन घंटे जलापूर्ति ठप रही।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 07:30 AM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 07:30 AM (IST)
कोई बिजली को तरसा, कोई रहा  प्यासा.. मुश्किल में बीता मंगल
कोई बिजली को तरसा, कोई रहा प्यासा.. मुश्किल में बीता मंगल

मेरठ, जेएनएन। बिजली आपूर्ति के साथ ही शहर की जलापूर्ति भी लड़खड़ा गई है। मंगलवार को शहर में जहां पांच नलकूपों से सुबह की पाली में दो से तीन घंटे जलापूर्ति ठप रही।

नगर निगम स्थित स्काडा सिस्टम के मास्टर कंट्रोल स्टेशन की रिपोर्ट के मुताबिक माधवपुरम सेक्टर तीन पार्क का नलकूप, पांडवनगर, फाजलपुर का नलकूप सुबह की पाली में करीब ढाई घंटे बिजली गुल होने के कारण नहीं चल सका। श्रद्धापुरी में विद्युत आपूर्ति में गड़बड़ी से नलकूप नहीं चलाया जा सका। जबकि गांधी आश्रम, सूरजकुंड का नलकूप खराबी से सुबह की पाली में बंद रहा। इसी तरह विकासपुरी क्षेत्र का भूमिगत जलाशय बार-बार बिजली गुल होने के कारण पूरी तरह नहीं भरा जा सका। इससे शहर के बडे़ हिस्से में पेयजल किल्लत के हालात बन गए।

जलकल अनुभाग ने माधवपुरम में आकस्मिक जलापूर्ति खत्ता रोड नलकूप से की गई। श्रद्धापुरी में नगलाताशी के नलकूप से आकस्मिक जलापूर्ति की। लेकिन यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं रही। वार्ड 71 में विकासपुरी, आजाद नगर, गोलाकुआं में चार टैंकर भेजकर जलापूर्ति की गई। मालूम हो कि संविदा लाइनमैन की हड़ताल के चलते बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। शहरी क्षेत्र में दो से चार घंटे तक बिजली गुल हो रही है। जलकल अनुभाग के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने कहा कि बिजली आपूर्ति नलकूपों को समय पर नहीं मिल पा रही है। जिससे शेड्यूल पर आपूर्ति में समस्या हो रही है। भूमिगत जलाशय भरने में हो रही परेशानी

गंगाजल आपूर्ति बंद होने के बाद सर्किट हाउस, टाउनहाल, शर्मा स्मारक और विकासपुरी के भूमिगत जलाशय 24 घंटे नलकूप चलाने पर भरेंगे। लेकिन बिजली कटौती से ये भर नहीं पा रहे हैं। मानसरोवर कालोनी में दूषित जलापूर्ति से लोग परेशान

मेरठ: मानसरोवर कालोनी में दूषित जलापूर्ति से लोग परेशान हैं। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष गौरव मित्तल एडवोकेट ने इसकी शिकायत जलकल अनुभाग व क्षेत्रीय पार्षद से की है। क्षेत्रीय पार्षद ललित नागदेव ने कहा कि जलकल के जेई पंकज कुमार से बात की गई है। जेई का कहना है कि गंगाजल आपूर्ति बंद है। नलकूप से जलापूर्ति की जा रही है। जिसका ट्रीटमेंट नहीं होता है। क्लोरीन की मात्रा मिलाकर आपूर्ति की जा रही है। पेयजल आपूर्ति की समस्या हो तो मिलाइए ये नंबर

हेल्प लाइन नंबर 01212420720, वाट्सएप नंबर 9873512515

chat bot
आपका साथी