पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्याण सिंह को लेकर 'वोट की राजनीति', रक्षा राज्‍यमंत्री बोले- समाजिक संबंधों को नकारना उचित नहीं

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने को लेकर चल रही राजनीति और एएमयू की कार्यवाही पर रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि कुछ लोग छोटी मानसिकता के साथ केवल राजनीति करते हैं।

By Himanshu DwivediEdited By: Publish:Thu, 26 Aug 2021 01:26 PM (IST) Updated:Thu, 26 Aug 2021 01:26 PM (IST)
पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्याण सिंह को लेकर 'वोट की राजनीति', रक्षा राज्‍यमंत्री बोले- समाजिक संबंधों को नकारना उचित नहीं
मेरठ में प्रेस वार्ता के दौरान रक्षा राज्‍यमंत्री अजय भट्ट।

जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने को लेकर चल रही राजनीति और एएमयू की कार्यवाही पर रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि कुछ लोग छोटी मानसिकता के साथ केवल राजनीति करते हैं। वोट की राजनीति में सामाजिक ताने-बाने और संबंधों को दरकिनार नहीं किया जाना चाहिए। कल्याण सिंह ऐसे नेता व व्यक्तित्व रहे, जो देश में पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण किसी भी दिशा में गए। उन्हें देखने व सुनने वालों की लंबी कतार होती थी। इसलिए राजनीति में इतना छोटा दिल व मानसिकता नहीं होनी चाहिए और कल्याण सिंह जैसे विशाल हृदय के व्यक्तित्व के साथ यदि कोई ऐसा कर रहा है। तो उससे उनकी मानसिकता का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में देश सुरक्षित

अजय भट्ट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जाति, धर्म, वर्ग, क्षेत्र से ऊपर उठकर कार्य करती है और इसीलिए जो कभी भारतीय जनता पार्टी की जीत भी नहीं देखते थे वह पार्टी दोबारा पूर्ण बहुमत से चुनकर सरकार चला रही है। इस परिणाम में हमारा काम और हमारे काम पर लोगों का विश्वास ही दिखता है।

तालिबान में बनती बिगड़ती स्थितियों पर रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि भारत बड़े हृदय का देश है। हम हर किसी की खुशहाली की ही कामना करते हैं। इसीलिए वहां से लोगों को सुरक्षित निकालने में भी हम अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। जहां तक बात देश की सुरक्षा और रक्षा को लेकर है, तो सेना हर मौके पर तैनात है। अब सरहदों पर वर्ष 1962 की स्थिति नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में देश सुरक्षित है। देश की सेनाओं ने सीमाओं को भी सुरक्षित रखा है।

संकट से देश को निकालने की पूरी कोशिश

प्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि पार्टी विकास की योजनाओं के साथ ही चुनाव में उतरेगी और आगे भी जाति, धर्म, पंथ, क्षेत्र से ऊपर उठकर कार्य को ही प्रमुखता देंगे। देश की सुरक्षा के मामले में हमने हमेशा प्राथमिकता दी है। उसके बाद कोरोना महामारी से देश को संकट से निकालने की पूरी कोशिश हो रही है। वैक्सीनेशन में हम दुनिया में अग्रणी स्थान रखते हैं और दुनिया भर में हमारी दवाएं भी पहुंचाई गई हैं। जो लोग देश के वैक्सीन को मोदी की वैक्सीन कहा करते थे। वह भी कतार में लगकर सपरिवार वैक्सीन लगवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नीति आज की तारीख में हिट एंड रन की है।

'संसद हाथापाई की जगह नहीं'

मारो और भागो की रणनीति अपनाकर वह संसद में बहस करने से बच रहे हैं। देशभर से चुनकर आए नेताओं के लिए संसद चर्चा की ही जगह है। वहां हाथापाई या अन्य घटनाक्रम नहीं होने चाहिए। संसद के भीतर वाक युद्ध होता है। अगर गोली लाठी की लड़ाई होती तो हर पार्टी अपनी सेना लेकर वहां पहुंच जाती। पर ऐसा नहीं है। सरकार कोई गलती कर भी रही है तो बातचीत के जरिए उसे सामने लाएं।

मेरठ के शहीद स्मारक पर लाइट एंड साउंड और हस्तिनापुर में क्रांति से संबंधित पर्यटन स्थल बनाने को लेकर भी रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि उसकी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। कोविड के कारण कुछ काम रुक गए। कुछ धीमी गति से आगे बढ़ रहे हैं। लाइट एंड साउंड की पूरी लिस्ट उनके पास है। कहां-कहां क्या क्या बनना है। कुछ तकनीकी खामियों को सुधारने के निर्देश दिए गए थे। उसके बाद की कार्यवाही आगे बढ़ रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मेरठ में शहीद स्मारक पर लाइट एंड साउंड सहित अन्य जो भी तैयारी क्रांति से संबंधित चल रही थी वह पूरी होगी।

chat bot
आपका साथी