मेरठ : एटूजेड कालोनी में विजिलेंस और ऊर्जा निगम की टीम का छापा
मेरठ की एटूजेड कालोनी में करीब 1500 केवी का पावर हाउस है। कालोनी निवासी कुछ लोगों ने पूर्व में आरोप लगाया था कि विद्युत पावर हाउस में गड़बड़ी की जा रही है। इसकी शिकायत ऊर्जा निगम के अफसरों समेत विजिलेंस दफ्तर में भी की थी।
मेरठ, जेएनएन। पल्लवपुरम हाईवे स्थित एटूजेड कालोनी में सोमवार को विजिलेंस और ऊर्जा निगम के अधिशासी अधिकारी की टीम ने छापा मारा। टीम ने कालोनी के 1500 केवी के पावर हाउस की मशीनों को चेक किया, जिसके बाद उसकी (एमआरआइ) मीटर रीडर इंस्टूमेंट रिपोर्ट तैयार कर लखनऊ भेज दी। लखनऊ से रिपोर्ट का जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह है मामला
विजिलेंस एसओ के मुताबिक, एटूजेड कालोनी में करीब 1500 केवी का पावर हाउस है। कालोनी निवासी कुछ लोगों ने पूर्व में आरोप लगाया था कि विद्युत पावर हाउस में गड़बड़ी की जा रही है। इसकी शिकायत ऊर्जा निगम के अफसरों समेत विजिलेंस दफ्तर में भी की थी। इस प्रकरण की जांच गाजियाबाद में विजिलेंस के सीओ कर रहे हैं। सोमवार को विजिलेंस सीओ के निर्देश पर एसओ विजिलेंस राजवीर सिंह टीम के साथ पहले पल्लवपुरम फेज-वन स्थित अधिशासी अधिकारी के दफ्तर पहुंचे। यहां से विजिलेंस और अधिशासी अधिकारी टीम के साथ कालोनी में 1500 केवी पावर हाउस पहुंचे और वीडियोग्राफी के साथ जांच-पड़ताल शुरू की। एसओ विजिलेंस राजवीर सिंह ने कहा कि गाजियाबाद सीओ विजिलेंस जांच कर रहे हैं, जिनके निर्देश पर टीम ने छापा मारकर एमआरआइ तैयार की है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।
इन्होंने कहा
सभी आरोप झूठे हैं। कुछ लोग हैं जो इस तरह की शिकायत करते हैं। विजिलेंस की यह रूटीन चेकिंग है, जो पहले भी होती रही है। किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं मिली है।
दीपक विहान, प्रबंधक, एटूजेड कालोनी