वीर हनुमाना अति बलवाना, राम नाम रसियो रे..प्रभु मन बसियो रे

सरधना कस्बे के रामलीला मैदान में शनिवार को संगीतमयी भव्य श्रीराम कथा का धूमधाम से समापन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं व भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर कथाव्यास विजय कौशल महाराज का स्वागत किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 14 Nov 2021 07:50 PM (IST) Updated:Sun, 14 Nov 2021 07:50 PM (IST)
वीर हनुमाना अति बलवाना, राम नाम रसियो रे..प्रभु मन बसियो रे
वीर हनुमाना अति बलवाना, राम नाम रसियो रे..प्रभु मन बसियो रे

मेरठ, जेएनएन। सरधना कस्बे के रामलीला मैदान में शनिवार को संगीतमयी भव्य श्रीराम कथा का धूमधाम से समापन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं व भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर कथाव्यास विजय कौशल महाराज का स्वागत किया। वहीं, भगवान श्रीराम के उद्घोष से पंडाल गुंजायमान हो गया। श्रद्धालु कथा के दौरान भजनों पर झूमने पर मजबूर हो गए।

कथाव्यास विजय कौशल महाराज ने नसीहत दी कि सबको अपने माता-पिता की सेवा करनी चाहिए। इससे बड़ी कोई सेवा नहीं है। वहीं, उन्होंने भजन के माध्यम से संकट मोचक हनुमानजी का गुणगान किया।

वीर हनुमाना अति बलवाना। राम नाम रसियो रे।। प्रभु मन बसियो रे। जो कोई आवे, अरज लगावे। सबकी सुनियो रे।। प्रभु मन बसियो रे।

इस दौरान पंडाल में श्रद्धालु राम नाम में डूबकर अमृत रसपान करने लगे। इसके बाद हरे कृष्णा, हरे रामा की धुन पर पंडाल भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंजने लगा। अंत में विधायक संगीत सोम व उनकी पत्नी ब्लाक प्रमुख प्रीति सोम और श्रद्धालुओं ने धूमधाम से आरती की। अंत में प्रसाद का वितरण हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं से पंडाल खचाखच भरा हुआ था।

पुष्प वर्षा कर किया कथाव्यास

का स्वागत

कथाव्यास विजय कौशल महाराज का श्रद्धालुओं व भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। शनिवार सुबह तहसील रोड से ट्रैक्टर-ट्राली से भव्य यात्रा निकाली गई, जिसमें कई ट्रैक्टर-ट्राली व भारी संख्या में डीजे रहे। इस दौरान भगवान श्रीराम के जयघोष से पूरा सरधना राममय हो गया। यात्रा बस स्टैंड पुलिस चौकी, देवी मंदिर, अशोक की लाट, मोहल्ला घोसियान, चर्च रोड को होते हुई विधायक कार्यालय पर पहुंचीं। इसके बाद कार्यालय से बस स्टैंड पुलिस चौकी तक एक तरफा ट्रैक्टर-ट्राली को खड़ा कर दिया। जब कथाव्यास विजय कौशल महाराज कार्यालय से कथा स्थल के लिए गाड़ी में सवार होकर चले तो भाजपा कार्यकर्ता व श्रद्धालुओें ने पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया और गाड़ी विधायक संगीत सोम चला रहे थे। वहीं, ट्रैक्टर-ट्राली पर भगवा व भाजपा के झंडे लगे थे। उधर, कुछ जगह जाम की भी स्थिति बनी, लेकिन पुलिस ने कुछ ही देर में जाम खुलवा दिया।

अगली बार 11 दिन की होगी कथा

विधायक संगीत सोम ने कथा के दौरान श्रद्धालुओं से कहा कि यह सरधना में चौथी कथा है। यहां पर कम से कम 11 बार विजय कौशल महाराज की कथा होनी चाहिए। अगली बार सात दिन की नहीं, 11 दिन की कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुझ पर रासुका जैसी धाराएं लगाई गई और अखिलेश यादव ने जेल भेज दिया था, लेकिन संत विजय कौशल महाराज के परम आशीर्वाद से बाहर आया औैर उस समय हजार गुणा मनोबल बढ़ा हुआ था।

जीत के बाद होगी कथा

कथा वाचक विजय कौशल महाराज ने कहा कि श्रद्धालुओं पर कथा सुनने का ऋण है। श्रद्धालुओं के ऋण उतारते ही जीतने के आठ दिन बाद 11 दिन की कथा का आयोजन होगा।

ये मुख्य लोग रहे मौजूद

सूर्यदेव सिंह, मास्टर दीपक शर्मा, राजीव जैन, अलका मित्तल, डा. महेश सोम, मंगू प्रधान, वीरेंद्र चौधरी, प्रदीप बुद्धिराजा, रक्षित गर्ग, मोहित ठाकुर, लाखन ठाकुर, हरिओम, माधव, ललित गुप्ता, गीतिका त्यागी, पूनम गुर्जर, नागेंद्र राठी, विनोद जैन, मोंटी सोम, दिनेश सोम, देवांश, सरिता, मलखान सैनी, सचिन खटीक, आकाश शर्मा व हिमांशु आदि सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौैजूद रहे।

chat bot
आपका साथी