मेरठ: राष्ट्रीय सीनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए लक्ष्य भेद रहे प्रदेश भर के तीरंदाज
रविवार को उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ की ओर से कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सीनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी चयन प्रतियोगिता का आयोजन। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 24 महिला पुरुष तीरंदाजों को सीनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में चुना जाएगा।
मेरठ, जेएनएन। भारतीय तीरंदाजी संघ की ओर से एक से 10 अक्टूबर तक जमशेदपुर स्थित जेआरडी स्पोर्ट्स स्टेडियम में राष्ट्रीय सीनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इस बाबत रविवार को उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ की ओर से कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सीनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस चयन प्रतियोगिता में प्रदेश भर के बेहतरीन तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। इसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 24 महिला पुरुष तीरंदाजों को सीनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में चुना जाएगा। प्रतियोगिता रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड की हो रही है। इसमें महिला पुरुष दोनों तीरंदाज शामिल है। प्रदेश भर के बेहतरीन 280 तीरंदाजों को चयन प्रतियोगिता के लिए आमंत्रित किया गया है। हालांकि प्रदेश के ओलंपियन खिलाड़ी इसमें हिस्सा नहीं ले रहे हैं।
रविवार को स्टेडियम में तीरंदाजी चयन प्रतियोगिता का शुभारंभ चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एनके तनेजा ने किया। उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के महासचिव अजय गुप्ता, मेरठ तीरंदाजी संघ के सचिव अनुज शर्मा, उपाध्यक्ष नीरज त्यागी ने अतिथियों का स्वागत किया व खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रदेश के ओलंपियन तीरंदाज सत्यदेव और वर्ल्ड चैंपियनशिप खिलाड़ी वेद कुमार सहित तमाम राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चयन प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।
उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के संयुक्त सचिव योगेंद्र सिंह राणा के अनुसार कंपाउंड में 50 मीटर की दूरी पर खिलाड़ियों को निशाना साधना है। इसमें सभी तीरंदाज 6-6 तीर एक बार में चलाते हैं। इस तरह पहले राउंड में 36 तीर और दूसरे राउंड में 36 तीर चलाकर कुल 72 तीर निशाने पर साधना हैं। इसी तरह रिकर्व राउंड में 70 मीटर की दूरी पर लक्ष्य साधना होता है। इसके अलावा इंडियन राउंड में लकड़ी के धनुष बाण से लक्ष्य साधना पड़ता है। नेशनल प्रतियोगिता के लिए कंपाउंड रिकर्व और इंडियन राउंड से महिला पुरुष वर्ग से चार चार खिलाड़ियों को नेशनल के लिए प्रदेश की टीम में शामिल किया जाएगा।
प्रतियोगिता के 3 महीने पहले होनी चाहिए चयन प्रतियोगिता
उत्तर प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन की ओर से इसी साल फरवरी में गढ़ में प्रदेश स्तरीय चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। देशभर के टॉप आर्चर ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। उस चयन प्रतियोगिता में जूनियर सीनियर सभी आर्चर शामिल हुए थे। उसमें प्रदेश स्तरीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन भी हो गया था लेकिन इस दौरान केवल जूनियर स्तर की प्रतियोगिता ही राष्ट्रीय स्तर पर हो सकी। आर्चरी संघ के नियम के अनुसार राष्ट्रीय प्रतियोगिता के तीन महीने पहले ही चयन प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। 3 महीने से अधिक समय हो जाने पर दोबारा चयन प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसलिए यह चयन प्रतियोगिता मेरठ में आयोजित की जा रही है। इस चयन प्रतियोगिता में फरवरी में चयनित 10 राज्यों के साथ ही बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले नए तीरंदाजी को भी अवसर प्रदान किया गया है।