विवाहिता की मौत पर हंगामा, पति समेत दो हिरासत में

विवाहिता की मौत पर मायके वालों ने हंगामा कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 05:45 AM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 05:45 AM (IST)
विवाहिता की मौत पर हंगामा, पति समेत दो हिरासत में
विवाहिता की मौत पर हंगामा, पति समेत दो हिरासत में

मेरठ, जेएनएन। विवाहिता की मौत पर मायके वालों ने हंगामा कर दिया। बेटी को जहर देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। आठ माह पहले ही विवाहिता की शादी हुई थी। पुलिस ने पति और सास को हिरासत में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर निवासी अमरीन की शादी आठ माह पहले अहमद नगर निवासी फहीमुद्दीन से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज के लिए उसे परेशान किया जाने लगा था। स्वजन ने बताया कि बाइक की मांग की जा रही थी। कई बार दोनों पक्षों की पंचायत भी हुई, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला। पति आए दिन उसकी पिटाई करता था। करीब चार माह पहले विवाहिता मायके चली गई थी। एक माह पहले ही पति ने फोन पर माफी मांगी थी, जिसके बाद वह ससुराल आ गई थी। रविवार दोपहर ससुरालियों ने मायके वालों को फोन कर अमरीन की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। वह मौके पर पहुंचे और उसे र्निसंग होम में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने जहरीले पदार्थ की पुष्टि की। शाम को उसकी मौत हो गई, जिसके बाद मायके वालों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति और सास शमीम को हिरासत में ले लिया। पति, ससुर, सास और तीन जेठ के खिलाफ जहर देकर हत्या की तहरीर दी गई है। सीओ अरविद चौरसिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पति और सास हिरासत में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

लेनदेन के विवाद में मारपीट-पथराव, फायरिग: लेनदेन के विवाद में रविवार रात दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। दोनों पक्षों ने फायरिग करने का भी आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के एक-एक युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया।

कोतवाली थाना क्षेत्र के पोदीवाड़ा निवासी मनजीत पीएनबी में क्लर्क हैं। उनके पड़ोस में ही अविनाश रहता है। उसका आरोप है कि मनजीत को कुछ समय पहले करीब 40 हजार रुपये दिए थे। अब वह लौटा नहीं रहे। इसको लेकर पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका है। आरोप है कि पांच दिन पहले मनजीत ने अविनाश की पिटाई कर दी थी। रविवार रात अविनाश कुछ साथियों को के साथ मनजीत के घर पहुंचा और हमला कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हो गया। देखते ही देखते मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर फायरिग का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मनजीत और दूसरे पक्ष की ओर से मनीष नाम के युवक को हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया है। फायरिग का आरोप निराधार है। मामले की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी