यूपी : सहारनपुर में पुलिस की दबिश के दौरान छत से कूद गया युवक, दोनों पैर टूटे

सहारनपुर में देर रात पुलिस ने एक मकान में दबिश दी। मकान से जिस युवक को पुलिस पकड़ने के लिए गई थी। उस युवक ने अपने मकान की छत से छलांग लगा दी। जिस कारण युवक के दोनों पैर टूट गए। पुलिस ने उसे अस्‍पताल में भर्ती कराया है।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 04:36 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 04:36 PM (IST)
यूपी : सहारनपुर में पुलिस की दबिश के दौरान छत से कूद गया युवक, दोनों पैर टूटे
सहारनपुर में शनिवार की रात को पुलिस रेड के दौरान युवक छत से कूद गया।

सहारनपुर, जागरण संवाददाता। सहारनपुर के नागल थानाक्षेत्र के गांव कोटा में शनिवार की देर रात पुलिस ने एक मकान में दबिश दी। मकान से जिस युवक को पुलिस पकड़ने के लिए गई थी। उस युवक ने अपने मकान की छत से छलांग लगा दी। जिस कारण युवक के दोनों पैर टूट गए। उसे तत्काल पुलिस ने ही सहारनपुर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। वर्तमान में उसका उपचार चल रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस बेवजह उन्हें परेशान करती है।

नागल थानाक्षेत्र के गांव कोटा निवासी राजकुमार पुत्र बलवंत को पहले भी पुलिस ने कई बार सट्टा करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। शनिवार की देर रात भी नागल थानाक्षेत्र की शेरकी चौकी प्रभारी को किसी ने सूचना दी कि राजकुमार अभी भी सट्टा कर रहा है। जबकि उसके परिजनों का कहना है कि राजकुमार पहले सट्टा करता था, लेकिन जब उसे पुलिस ने पहले पकड़ा था तो उसने यह धंधा छोड़ दिया था। अब वह अपनी खेती कर रहा है, लेकिन पुलिस अभी भी उसे परेशान करती रहती है।

चौकी इंचार्ज ने अपनी टीम के साथ गांव कोटा में शनिवार की देर रात राजकुमार के घर पर दबिश दी। जिसके बाद राजकुमार पुलिस के डर से छत से नीचे कूद गया। राजकुमार के पैरों के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट लगी है। राजकुमार का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। नागल थाना प्रभारी बीनू चौधरी ने बताया कि उन्होंने शनिवार को ही नागल थाने में ज्वाइन किया है। शेरकी चौकी इंचार्ज ने दबिश दी थी। युवक छत से भी कूदा है। किस मामले में दबिश दी थी। यह जांच के बाद ही बता पाउंगा। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल युवक का उपचार एक निजी अस्पताल में पुलिस की देखरेख में चल रहा है।

chat bot
आपका साथी