यूपी : बागपत में बदमाशों के साथ मुठभेड़ के बाद दो गिरफ्तार, एक साथी फरार
बागपत के बिनौली में जौहड़ी और सिरसली गांव के बीच रजवाहे पर शनिवार की रात को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो लुटेरों को पकड़ा गया। एक लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया। बदमाशों की गोली से एक सिपाही भी जख्मी हुए हैं।
बागपत, जेएनएन। बागपत के बिनौली में जौहड़ी और सिरसली गांव के बीच रजवाहे पर शनिवार की रात को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो लुटेरों को पकड़ा गया। एक लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया। लुटेरों का तीसरा साथी फरार हो गया। गोली लगने से एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया।
एएसपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि शनिवार देर शाम इंस्पेक्टर देवेश कुमार सिंह माखर प्याऊ पुलिस चौकी पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर आए तीन युवकों को रोकना चाहा, तो आरोपित फायरिंग करते हुए भागे। पुलिस ने पीछा करते हुए जवाबी फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिस की गोली पैर में लगने से अंकित पुत्र धर्मवीर निवासी हिलवाड़ी और बदमाशों के गोली से बाएं हाथ में लगने से हेड कांस्टेबल लख्मी सिंह घायल हो गए।
पुलिस ने अंकित और मोनू पुत्र तेजवीर निवासी मुल्हैडा, थाना सरधना, मेरठ को गिरफ्तार कर दो तमंचे व बाइक बरामद कर ली, जबकि तीसरा बदमाश सौरभ पुत्र कृष्णपाल निवासी शिवनगर, रतौंध थाना झिंझाना, शामली फरार हो गया। आरोपितों ने दो दिन पहले ही जौहड़ी गांव के पास से एक युवक से नकदी व मोबाइल लूट लिया था। वह मोबाइल आदि सामान बरामद कर लिया है। बदमाशों की क्राइम हिस्ट्री का पता किया जा रहा है। घायल लुटेरे व हेड कांस्टेबल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।