मेरठ में छत पर खड़ी युवती को पत्थर में बांधकर भेजा प्रेम पत्र, विरोध करने पर पिता को पीटा

मेरठ में शोहदों की हरकतें बढ़ती ही जा रही हैं। यहां टीपीनगर थाना क्षेत्र में एक मनचले ने छत पर खड़ी पर युवती की ओर पत्‍थर से बांधकर लव लेटर फेंक दिया। इसके हंगामा शुरू हो गया। पिता ने विरोध जताया तो आरोपित ने पीट दिया।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 09:45 AM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 09:45 AM (IST)
मेरठ में छत पर खड़ी युवती को पत्थर में बांधकर भेजा प्रेम पत्र, विरोध करने पर पिता को पीटा
मेरठ में छत पर खड़ी युवती की ओर एक मनचले ने प्रेम पत्र फेंक दिया।

मेरठ, जागरण संवाददाता। मेरठ में छत पर खड़ी एक युवती को मनचले ने पत्थर में बांधकर प्रेम पत्र भेज दिया। युवती ने विरोध किया तो आरोपित गाली-गलौच करने लगा। पीडि़ता ने अपने पिता से शिकायत की। आरोपित ने साथियों संग मिलकर युवती के पिता को पीटा। पीडि़त ने तहरीर दे दी है। पुलिस आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

मुकदमा दर्ज करने के आदेश

टीपीनगर थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी व्यक्ति के मुताबिक क्षेत्र में ही रहने वाला युवक उनकी बेटी से छेड़छाड़ करता है। रविवार शाम बेटी छत पर खड़ी हुई थी। इसी बीच मनचले ने अश्लील हरकतें कीं और प्रेम पत्र भी पत्‍थर में बांधकर फेंका। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उनके घर गई थी, लेकिन वह नहीं मिले। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

छेड़छाड़ का विरोध कर रहे बहन-भाई को पीटा

मेरठ में लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र निवासी युवती के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाले दो युवक अक्सर छेड़छाड़ करते हैं। रविवार दोपहर परिवार के अन्य लोग खरीदारी करने बाजार गए थे। घर पर वह और उसका भाई थे। इसी बीच आरोपित जबरन उनके घर में घुस गए और अश्लीलता करने लगे। आरोपितों ने दोनों को पीटा। आस पड़ोस के लोगों को आता देख आरोपित फरार हो गए।

मनचले ने हाथ जोड़कर मांगी माफी, छोड़ा

मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने मोहल्ले की ही लड़की से छेड़छाड़ कर दी थी। विरोध करने पर धमकी देने लगा। पीडि़ता के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और आरोपित की पिटाई कर दी। उसने शराब भी पी रखी थी। युवक के हाथ जोड़कर माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया गया।

साफ्टवेयर इंजीनियर से मोबाइल लूटा

मेरठ शहर में बाइक सवार बदमाशों का कहर जारी है। अब शहर की पाश कालोनियों में शुमार थापरनगर में घर के बाहर टहल रहे साफ्टवेयर इंजीनियर से बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। साहस दिखाते हुए इंजीनियर ने बदमाशों को पकडऩे का प्रयास भी किया, लेकिन हथियार लहराते हुए बदमाश फरार हो गए। सदर बाजार थाना क्षेत्र के थापरनगर निवासी दिविश चोपड़ा हैदराबाद की एक कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं।

पकड़ने की कोशिश

लाकडाउन के समय से ही वह घर से ही काम कर रहे हैं। शनिवार शाम वह काम खत्म कर कालोनी में टहल रहे थे। इसी बीच उनके एक मित्र का फोन आ गया। वह बात कर ही रहे थे कि बाइक सवार बदमाश मोबाइल लूटकर फरार हो गए। शोर सुनकर कालोनी के अन्य लोग भी आ गए। उन्होंने बदमाशों को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन आरोपित पटेल नगर की तंग गलियों से फरार हो गए। डायल-112 पर सूचना देने के बाद दिविश चोपड़ा ने रविवार को तहरीर दी।

इन्होंने कहा है

दिविश ने तहरीर दी है। घटना स्थल के आसपास की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया जाएगा। इसके अलावा शहर के सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

- विनीत भटनागर, एसपी सिटी

chat bot
आपका साथी