यूपी : बिजनौर में चुनावी रंजिश में खूनी संघर्ष, महिला की पीट पीटकर हत्या, विरोध में हाईवे पर जाम

बिजनौर में दो पक्षों के बीच चुनावी रंजिश को लेकर जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। पीट-पीटकर महिला की हत्या कर दी। आरोपितों पर कार्रवाई की मांग को लेकर शव रखकर थाने के सामने हाईवे पर जाम लगाया। बाद में पुलिस ने जाम खुलवाया।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 07:02 PM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 07:29 PM (IST)
यूपी : बिजनौर में चुनावी रंजिश में खूनी संघर्ष, महिला की पीट पीटकर हत्या, विरोध में हाईवे पर जाम
बिजनौर में चुनावी रंजिश में एक महिला की हत्‍या कर दी गई।

बिजनौर, जेएनएन। बिजनौर जिले के पैजनियां में गांव कड़ापुर में दो पक्षों के बीच चुनावी रंजिश को लेकर जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। पीट-पीटकर महिला की हत्या कर दी। आरोपितों पर कार्रवाई की मांग को लेकर शव रखकर थाने के सामने हाईवे पर जाम लगाया। मृतका के पति की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं दूसरी पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

यह है मामला

हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव कड़ापुर में विनीत कुमार ने ग्राम प्रधान पद का चुनाव लड़े थे। विपिन कुमार उनके प्रतिद्वंदी थे। दोनों के बीच चुनाव में कड़ा मुकाबला हुआ था। विनीत कुमार ग्राम प्रधान पद का चुनाव जीत गए थे। गांव के ही भीष्म सिंह चौधरी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान विनीत कुमार के समर्थक है। उन्होंने विनीत कुमार को खुलकर चुनाव लड़ाया था। भीष्म सिंह और विपिन कुमार दोनों पड़ोसी है। गुरुवार रात दस बजे भीष्म सिंह और विपिन कुमार के बीच चुनावी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। विवाद में भीष्म सिंह की पत्नी सविता देवी गंभीर रुप से घायल हो गई। पुलिस ने बामुश्किल मामला शांत किया। भीष्म सिंह गंभीर रुप से घायल अपनी पत्नी सविता देवी को उपचार के लिए बिजनौर ले गए। चिकित्सकों ने उन्हें गंभीर अवस्था में उपचार के लिए मेरठ के लिए रेफर कर दिया। सविता देवी की मेरठ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

शव को लेकर थाने पहुंचे स्‍वजन

शुक्रवार सुबह पीडि़त पक्ष शव को लेकर ट्रैक्टर ट्रॉली में थाने पहुंच गए। शव को थाने के सामने रखकर पानीपत खटीमा हाईवे पर जाम लगा दिया। हत्या और गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। उनका आरोप है कि आरोपित पक्ष कई दिन से लाठी-डंडे लेकर गांव में घूम रहे थे। वोट नहीं देने वालों के साथ मारपीट कर रहे थे। हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। जाम में फंसे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई । सूचना पर सीओ सिटी गणेश कुमार गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। एसपी सिटी प्रवीण रंजन ने फोर्स के साथ गांव में दबिश दी। आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। मृतका के पति की तहरीर पर विपिन कुमार, अरविंद कुमार, मनोज कुमार पुत्र बृजपाल सिंह, नरेंद्र कुमार पुत्र अतर पाल सिंह व अतरपाल सिंह पुत्र बलवीर सिंह के खिलाफ संगीन धाराओं में थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विपिन पक्ष के नरेंद्र सिंह की तहरीर पर सचिन कुमार, योगेंद्र सिंह, ब्रह्रा सिंह, धर्मेंद्र सिंह, विपिन कुमार और शिवांशु समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला की मौत के मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लिया गया है।

अस्पताल ने नहीं किया भर्ती 

गंभीर रुप से घायल महिला को किसी अस्पताल ने भर्ती नहीं किया। सीएचसी से बिजनौर रेफर कर दिया गया। यहां नर्सिंग होम ने गंभीर हालत बताकर मेरठ के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि कई नर्सिंग होम में घूमने के बाद भी सविता को किसी ने एडमिट नहीं किया। तब तक महिला की मौत हो गई। 

chat bot
आपका साथी