यूपी : सहारनपुर में मशीन में चारा काट रहे भाजपा नेता के पुत्र की करंट लगने से मौत

सहारनपुर में भाजपा नेता पदम सिंह चौधरी के छोटे बेटे सचिन चौधरी सुबह छह बजे पशुओं के लिए मशीन से चारा काट रहे थे। युवक मशीन के आगे से चारा हटाने के लिये गया तो बिजली के तारों की चपेट में आ गया और करंट से उसकी मौत हो गई।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 04:40 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 04:40 PM (IST)
यूपी : सहारनपुर में मशीन में चारा काट रहे भाजपा नेता के पुत्र की करंट लगने से मौत
सहारनपुर के अंबेहटा नगर के पास कंरट लगने से भाजपा नेता के पुत्र की मौत हो गई।

सहारनपुर, जेएनएन। सहारनपुर जिले के अंबेहटा नगर के निकटवर्ती ग्राम ढायकी में मशीन से चारा काट रहे भाजपा नेता के युवा पुत्र की करंट लगने से मौत हो गयी। घटना के बाद क्षेत्र मे शोक की लहर छा गई।

भाजपा नेता पदम सिंह चौधरी के छोटे बेटे बाईस वर्षीय सचिन चौधरी सुबह छह बजे पशुओं के लिये मशीन से चारा काट रहा था। जैसे ही युवक मशीन के आगे से चारा हटाने के लिये गया तो बिजली के तारों की चपेट में आ गया। युवक की ताई के शोर मचाने पर स्वजन ने तार हटाकर युवक को उठाया। आनन फानन में स्वजन युवक को कस्बे के निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

युवक की इस तरह अचानक मौत से घर में कोहराम मच गया। मृतक का एक बड़ा भाई व एक बड़ी बहन हरिद्वार और दिल्ली नौकरी करते हैं। युवक की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड गयी। गंगोह विधान सभा भाजपा विधायक कीरत सिंह चौधरी,चेयरपर्सन प्रतिनिधि इनाम शाकिर,पूर्व चैयरमेन राजकुमार खुराना,भाजपा नेता जगदीश पंवार,अनुज रंढेडी,मैनपाल सिंह रंढेडी,डॉ हामिद आदि ने शोक प्रकट करते हुये परिजनों को सांत्वना दी।

बागपत में नलकूप पर करंट से किसान की मौत

वहीं बागपत के चांदीनगर में नलकूप पर करंट लगने से किसान की मौत हो गई। किसान की मौत से स्वजन में कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने पीडि़त स्वजन की आर्थिक मदद की मांग प्रशासन से की है। क्षेत्र के गढ़ी कलंजरी गांव निवासी 35 वर्षीय अनिल यादव पुत्र शिब्बू उर्फ शिवकुमार किसान हैं। मंगलवार सुबह आठ बजे अनिल धान फसल की सिंचाई करने खेत पर गए थे। ग्रामीणों की मानें तो अनिल ने खेत पर फसल की सिंचाई को लगे नलकूप को चालू करना चाहा, तो वह स्टार्टर में आए करंट की चपेट में आ गया।

इससे अचेत होकर वह जमीन पर गिर गए। रास्ते से गुजर रहे अन्य ग्रामीण ने अनिल को जमीन पर पड़ा देख स्वजन को सूचना दी। स्वजन आनन फानन में अनिल को चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। इससे स्वजन में कोहराम मच गया। अनिल के दो बच्चे हैं, जो छोटे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीडि़त स्वजन की आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। किसान की मौत से गांव में भी शोक छाया है।

chat bot
आपका साथी