Mahendra Nath Pandey: मेरठ में बोले केंद्रीय मंत्री-मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कोरोना वारियर की तरह काम किया

केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि आज विपक्ष के पास गिनती करने लायक भी नेता नहीं हैं। देश और प्रदेश की भाजपा सरकार जनता की उन्नति और कल्याण के काम कर रही है। योगी सरकार में गुंडाराज माफियाराज खत्म हो चुका है। भ्रष्ट अधिकारी जेल जा रहे हैं।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 10:00 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 10:00 AM (IST)
Mahendra Nath Pandey: मेरठ में बोले केंद्रीय मंत्री-मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कोरोना वारियर की तरह काम किया
मेरठ में भाजपा जिलाध्यक्ष विमल शर्मा के घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय

मेरठ, जागरण संवाददाता। केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के चरम के दौरान सारा विपक्ष घरों में दुबका था। तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना योद्धा की तरह प्रदेश की जनता का हाल जाना। कोविड अस्पतालों का निरीक्षण कर व्यवस्था दुरुस्त कराईं। सारा विपक्ष धड़ाम और खाली हाथ है। भाजपा दोबारा सत्ता में आएगी।

विपक्ष के बहकावे में आ रहा किसान

शनिवार को वह पल्लवपुरम में भाजपा जिलाध्यक्ष विमल शर्मा के घर उनके पिता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि विपक्ष और कुछ लोगों के बहकावे में आकर किसान कृषि कानून के खिलाफ धरना दे रहे हैं जबकि कृषि कानूनों से किसान खुशहाल होगा। एक सवाल के जबाव में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज विपक्ष के पास गिनती करने लायक भी नेता नहीं हैं। देश और प्रदेश की भाजपा सरकार जनता की उन्नति और कल्याण के काम कर रही है। योगी सरकार में गुंडाराज, माफियाराज खत्म हो चुका है। भ्रष्ट अधिकारी जेल जा रहे हैं। सड़कें, हाईवे और बिजली आपूर्ति में पिछली सरकारों के मुकाबले बेहतर कार्य हुआ है।

पराली जलाने पर ये बोले

केंद्रीय मंत्री ने कहा, जिस तरह परिवार का मुखिया स्वजन की जरूरतों का ध्यान रखता है, उसी तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुखिया होने के नाते जनता की देखभाल कर रहे हैं। खेतों में पराली जलाने के सवाल पर कहा कि सरकार किसानों के हित में है मगर सर्वोच्च न्यायालय का आदेश सभी को मानना होगा। इस दौरान विधायक सतवीर त्यागी, पूर्व विधायक जगत सिंह पूर्व विधायक रविंद्र भड़ाना, सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिन्दरपाल सिंह, भाजपा व व्यापारी नेता बिजेंद्र अग्रवाल, डा. जेवी चिकारा, समीर चौहान, अंकुर कुशवाह, ललित चौहान, विनोद चौधरी आदि रहे।

मेरठ की उद्यमशीलता को सराहा

शनिवार को मेरठ पहुंचे केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडे और साध्वी निरंजन ज्योति ने आइआइए परिसर में लगे स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने हर स्टाल पर पहुंचकर उपकरणों की जानकारी ली। बनाने की विधि, विशिष्टता एवं सरकार से मिलने वाली योजनाओं के बारे में भी पूछा। उद्यमियों की उद्यमशीलता की सराहना की। दोनों मंत्रियों ने स्टालों पर रखे बल्ले, आक्सीजन सिलेंडर, इलेक्ट्रानिक उपकरणों, टेफ्लान के तारों को परखा। अचार का स्टाल लगाए महिला उद्यमी को अपना फोन नंबर दिया। कहा कि कुटीर उद्योगों को जीवंत रखना बेहद जरूरी है। बाद में राज्य सरकार से निर्यातक पुरस्कार प्राप्त करने वाले उद्यमियों को मंच पर सम्मानित किया गया। आइआइए ने इंडो रबर समेत दो कंपनियों को पुरस्कृत किया।

chat bot
आपका साथी