दिल्ली के बवाल में मेरठ भाकियू के दो कार्यकर्ता मामूली चोटिल, संगठन मंत्री की जीप में तोड़फोड़
गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकालने के दौरान हुए बवाल में मेरठ से भारतीय किसान यूनियन के दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। वह संगठन मंत्री की जीप में बैठकर रैली में शामिल हुए थे।
मेरठ, जेएनएन। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकालने के दौरान हुए बवाल में मेरठ से भारतीय किसान यूनियन के दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। वह संगठन मंत्री की जीप में बैठकर रैली में शामिल हुए थे। संगठन मंत्री की जीप भी बवाल की चपेट में आ गई और उसके सारे शीशे तोड़ दिए।
कृषि कानूनों के विरोध में गणतंत्र दिवस पर किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली। इसमें भारतीय किसान यूनियन के मेरठ संगठन से भी काफी लोग पहुंचे हुए थे। मंगलवार को ट्रैक्टर रैली के दौरान भाकियू के संगठन मंत्री सत्यवीर जंगेठी की जीप में जिला महासचिव राजकुमार करनावल, मंडल उपाध्यक्ष हरेंद्र जानी के अलावा नंगलाताशी निवासी कार्यकर्ता धीर सिंह आदि मौजूद थे। दिल्ली में दिलशाद गार्डन के पास बवाल के दौरान पुलिस द्वारा छोड़ा गया आंसू गैस का गोला उनकी जीप के पहिये नीचे आकर गिरा। जिसके भगदड़ मच गई। भगदड़ में राजकुमार करनावल बेहोश हो गए, जबकि मंडल उपाध्यक्ष हरेंद्र जानी व धीर सिंह पुलिस की लाठी से घायल हो गए। वह पुलिस की लाठीचार्ज के शिकार भी बने। इस दौरान सत्यवीर जंगेठी की जीप में तोड़फोड़ करते हुए शीशे तोड़ दिए। राजकुमार करनावल को बेहोशी की हालत में उठाकर सड़क किनारे लाया गया। जहां पर 15 मिनट बाद उन्हें होश आया। जिलाध्यक्ष भाकियू मनोज त्यागी ईकडी ने कहा कि उनका काफिला ट्रैक्टर रैली में पीछे की तरफ था। बाहर से घुसे कुछ राजनैतिक लोगों ने किसानों की ट्रैक्टर रैली को बदनाम करने की साजिश से घटना कराई है।