सुशील फौजी पर दर्ज हुए दो और मुकदमे

रोहटा के भदौड़ा गाव स्थित शिव मंदिर की जमीन पर स्टेडियम बनाने के मामले में प्रधान और पूर्व प्रधान के बीच विवाद गहराता जा रहा है। कानून व्यवस्था खराब होने की आशका में पुलिस ने प्रधान के बेटे सुशील फौजी पर दो और मुकदमे दर्ज किए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 12:22 AM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 12:22 AM (IST)
सुशील फौजी पर दर्ज हुए दो और मुकदमे
सुशील फौजी पर दर्ज हुए दो और मुकदमे

मेरठ, जेएनएन। रोहटा के भदौड़ा गाव स्थित शिव मंदिर की जमीन पर स्टेडियम बनाने के मामले में प्रधान और पूर्व प्रधान के बीच विवाद गहराता जा रहा है। कानून व्यवस्था खराब होने की आशका में पुलिस ने प्रधान के बेटे सुशील फौजी पर दो और मुकदमे दर्ज किए हैं। उसके खिलाफ अब तक रोहटा थाने में तीन मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पुलिस की दबिश में सामने आया कि सुशील बदमाशों को संरक्षण देता है। उसके घर पर दबिश के दौरान पाच बदमाश मिले थे, जो छत के रास्ते कूदकर फरार हो गए थे। पुलिस अब सुशील और उसके घर में रहने वाले बदमाशों के गैंग की धरपकड़ में जुट गई है।

भदौड़ा गाव की प्रधान गुड्डी देवी ने गाव में स्टेडियम निर्माण का काम शुरू करा दिया है। कुख्यात योगेश भदौड़ा की पत्नी पूर्व प्रधान सुमन ने इसका विरोध किया। साथ ही एसडीएम से इस मामले की शिकायत की। सुमन का आरोप है कि शिव मंदिर की जमीन पर स्टेडियम बनाया जा रहा है। सुमन पक्ष इसका विरोध कर रहा है। योगेश भदौड़ा पक्ष के इरफान की तरफ से गत थाना दिवस पर सुशील फौजी की मा गुड्डी देवी की शिकायत की गई। शिकायत में बताया गया कि मंदिर की जमीन पर स्टेडियम नहीं बनने देंगे। उसके बाद सुशील फौजी हथियारों से लैस होकर अपने साथियों के साथ इरफान के घर पर पहुंचा। उसने इरफान के मुंह में पिस्टल डालकर जान से मारने की धमकी दी। इरफान ने रंगदारी और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज करा दिया।

सुशील फौजी को कौन दे रहा संरक्षण, जांच कर रही पुलिस

पुलिस की टीम जाच कर रही है कि प्रधान गुड्डी देवी का बेटा सुशील फौजी किसके संरक्षण में है। सुशील फौजी का इतिहास भी खंगाली जा रही है। बताया जाता है कि सुशील पहले भी हत्या के एक मुकदमे में आरोपित रह चुका है।

एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि सुशील फौजी की गिरफ्तारी को टीम बना दी गई है। उसके घर पर रहने वाले बदमाशों को भी चिह्नित किया जा रहा है। जल्द ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी