मेरठ: लावड़ में गंदगी से परेशान व्यापारियों ने बाजार किया बंद, नगर पंचायत दफ्तर में डाला कूड़ा, कर्मियों से कहासुनी

लावड़ नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इससे नगर में कूड़े के ढेर लग गए हैं। सोमवार को गंदगी से परेशान व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया और नारेबाजी करते हुए नगर पंचायत के दफ्तर पहुंच गए। वहां उनकी कर्मचारियों से जमकर नोकझोंक हुई।

By PREM DUTT BHATTEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 04:41 PM (IST) Updated:Mon, 08 Mar 2021 04:41 PM (IST)
मेरठ: लावड़ में गंदगी से परेशान व्यापारियों ने बाजार किया बंद, नगर पंचायत दफ्तर में डाला कूड़ा, कर्मियों से कहासुनी
मेरठ के लावड़ में नगर पंचायत कर्मचारियों और व्यापारियों के बीच विवाद के बाद मौके पर पहुंचे एसओ इंचौली आदि।

मेरठ जेएनएन। लावड़ नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नगर में सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। नालियों की सफाई नहीं हो रही है और नगर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। सोमवार को गंदगी से परेशान व्यापारी बाजार बंद कर नारेबाजी करते हुए नगर पंचायत दफ्तर पहुंच गए। वहां पहले से धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों और दफ्तर के कर्मचारियों की व्यापारियों से जमकर कहासुनी हो गई। महिला सफाई कर्मचारियों ने व्यापारियों को दफ्तर से दौड़ाया, जिसके बाद व्यापारियों ने कूड़े के ढेर को नंगर पंचायत दफ्तर में फेंक दिया और बाजार में धरने पर बैठ गए।

यह है मामला

गत एक मार्च की रात नगर पंचायत दफ्तर खुला था, जहां सरकारी कार्य चल रहा था। कुछ सभासद और कई सभासद पति ने ईओ से रात में दफ्तर खोलने का कारण पूछा था। ईओ ने मेरठ से पहुंची टीम द्वारा सरकारी कार्य होने की बात कही, जिस पर सभासद और ईओ के बीच कहासुनी के बाद खींचतान हो गई थी। ईओ की तहरीर पर कई सभासद और सभासद पति के खिलाफ इंचौली थाने में केस दर्ज कराया गया था। विरोध में सभासदों ने ईओ, चेयरमैन और कई कर्मचारियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी, मगर उस पर अभी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे नाराज दफ्तर कर्मचारी और सफाई कर्मचारियों ने सभासदों की गिरफ्तारी की मांग को अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल कर दी, तभी से नगर में सफाई व्यवस्था चौपट है। बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। सोमवार को नगर में दो गुटों के व्यापार संघ के बैनर तले व्यापारियों ने बाजार बंद कर नगर पंचायत दफ्तर का घेराव किया। वहां पहले से धरने पर बैठे कर्मचारियों से व्यापारियों की कहासुनी हो गई। महिला सफाई कर्मचारियों ने व्यापारियों को दौड़ा दिया। गुस्साए कई व्यापारियों ने बोरे में कूड़ा भरकर दफ्तर में फेंक दिया। उसके बाद सैनी मार्केट में व्यापारी धरने पर बैठ गए और नारेबाजी की। सूचना पर एसडीएम सरधना अमित कुमार, सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिन्दरपाल सिंह, एसओ इंचौली अंकित चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाया। वहीं कर्मचारियों को भी संयम बरतने की सलाह दी।

chat bot
आपका साथी