बोर्ड बैठक में ट्रेड लाइसेंस और टोल पर होगी बहस
छावनी परिषद की बैठक गुरुवार को है।
मेरठ, जेएनएन। छावनी परिषद की बैठक गुरुवार को है। इसमें छावनी के टोल यानी व्यवसायिक वाहन प्रवेश शुल्क और छावनी में लगने वाले सभी ट्रेड पर लाइसेंस शुल्क को लेकर सबसे अधिक बहस हो सकती है। छावनी परिषद अपनी वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए दोनों प्रस्तावों को पास कराने की तैयारी में है।
छावनी क्षेत्र में 11 जगह से टोल की वसूली हो रही है। जिसमें दिल्ली रोड फैज ए आम डिग्री कालेज के सामने, मवाना रोड, रुड़की रोड के टोल को लेकर विरोध है। कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल की वजह से बोर्ड के सदस्य भी इसके विरोध में रहे हैं। अब बोर्ड बैठक में छह फरवरी से नए टेंडर को जारी रखने का प्रस्ताव रखा जा रहा है। जिसमें सभी 11 जगह से टोल वसूलने का प्रस्ताव है। कैंट बोर्ड ने रक्षा मंत्रालय के उस आदेश का भी हवाला दिया है, जिसमें कहा गया है कि बोर्ड स्थानीय स्त्रोत से अपने खर्च निकालें। ऐसे में बोर्ड सदस्य भी खुलकर टोल के मुद्दे पर नहीं बोल रहे हैं। हालांकि कैंट विधायक विरोध में हैं। ऐसे में बोर्ड बैठक में इसे लेकर लंबी बहस हो सकती है। दूसरी ओर पहली बार छावनी में 95 ट्रेड, जिसमें 69 नए ट्रेड हैं, सभी पर ट्रेड लाइसेंस लगाने का प्रस्ताव रखा है। जो पहले से कई गुना है। तीन सौ ट्रेड लाइसेंस की जगह दस से 15 हजार, कई ट्रेड में पांच से सात लाख रुपये का प्रस्ताव है। स्कूलों पर पहली बार दो लाख रुपये ट्रेड लाइसेंस लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। यानी छावनी में हर तरह के ट्रेड पर लाइसेंस निर्धारित किया गया है। इसे लेकर विरोध हो सकता है।