आज जमींदोज हो जाएगी बद्दो की कोठी

ढाई लाख के इनामी बदमाश बदन सिंह बद्दो की कोठी पर चौथे दिन भी जमकर हथौड़े चला।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 04:00 AM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 04:00 AM (IST)
आज जमींदोज हो जाएगी बद्दो की कोठी
आज जमींदोज हो जाएगी बद्दो की कोठी

मेरठ, जेएनएन। ढाई लाख के इनामी बदमाश बदन सिंह बद्दो की कोठी पर चौथे दिन भी जमकर हथौड़े चले। रविवार को करीब 15 फीसद कोठी और ढहा दी गई। कुल मिलाकर 90 फीसद कोठी ध्वस्त हो चुकी है। सोमवार को उसे जमींदोज कर दिया जाएगा। वहीं, कोठी के मलबे की सुरक्षा के लिए भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

टीपीनगर थाना क्षेत्र के पंजाबीपुरा निवासी कुख्यात बदन सिंह बद्दो 28 मार्च 19 को फरार हो गया था। तभी से उस पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में पहले उसकी कुर्की हुई। अब कोठी को चार दिन से ध्वस्त करने का काम चल रहा है। कोठी संकरी गलियों में होने और मकानों से घिरी होने के चलते समय लग रहा है। बुलडोजर भी मलबे के चलते कोठी तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। बुलडोजर की मदद से आसपास के मकानों को भी खतरा बन रहा था। इसके चलते ही मजदूरों से उसे तुड़वाया जा रहा है। रविवार सुबह 10 बजे से काम शुरू हुआ और शाम छह बजे तक मजदूरों ने हथौड़े बरसाए। कुल मिलाकर कोठी को 90 फीसद ढहा दिया गया। थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि सिर्फ दस फीसद काम बचा हुआ है। सोमवार को उसे भी खत्म कर दिया जाएगा। इसके साथ ही मलबे की सुरक्षा के लिए भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी जाएगी, ताकि कोई मलबे को उठाकर न ले जाए। वहीं, एमडीए के अधिकारियों का कहना है कि मलबे को उठाने के लिए अन्य विभागों से भी चर्चा की जा रही है। जल्द ही उसे हटवा दिया जाएगा।

---

शहर छोड़ने की फिराक में निक्कू

ढाई लाख का इनामी बदन सिंह बद्दो शहर के व्यापारी निक्कू द्वारा पंजाब से बुलेटप्रूफ कराई गई बीएमडब्ल्यू से भागा था। तभी से वह पुलिस के रडार पर था। बताया गया कि उसका सदर क्षेत्र में सट्टे का बड़ा काम है। वह आनलाइन सट्टा भी खिलाता है। साथ ही होटल और प्रापर्टी में भी उसने काफी रुपया लगा रखा है। अब पुलिस का शिकंजा कसने के साथ ही चर्चा है कि वह शहर की संपत्ति को बेचकर भागने की फिराक में है।

chat bot
आपका साथी