बारिश में गिरी घर की छत, दंपती समेत कई घायल

तेज बारिश में गुरुवार को एक मकान की छत गिर गई। कमरे में बैठे दंपती समेत क

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 01:15 AM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 01:15 AM (IST)
बारिश में गिरी घर की छत, दंपती समेत कई घायल
बारिश में गिरी घर की छत, दंपती समेत कई घायल

मेरठ, जेएनएन। तेज बारिश में गुरुवार को एक मकान की छत गिर गई। कमरे में बैठे दंपती समेत कई लोग घायल हो गए। इस दौरान मां ने छह माह के बच्चे को अपने नीचे छिपा लिया, जिससे वह बच गया। आसपास के लोगों ने सभी को मलबे से निकाला। दंपती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नौचंदी थाना क्षेत्र के करीम नगर निवासी मोहम्मद हाफिज परिवार संग रहते हैं। दूसरी मंजिल पर उनका बेटा अरशद पत्नी गुलनाज के साथ रहता है। इनके छह माह का बेटा है। गुरुवार दोपहर कमरे में दंपती और परिवार के अन्य बच्चे गुलफशा, शिबा और मुस्कान थे। तेज बारिश में गर्डर पर टिकी छत भरभराकर गिर गई। सभी मलबे में दब गए। इस दौरान गुलनाज ने छह माह के बच्चे को अपने नीचे छिपा लिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उनको निकाला। अरशद और गुलनाज की हालत गंभीर होने पर उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, अन्य घायलों का स्थानीय चिकित्सक से उपचार कराया। थाना पुलिस भी पहुंच गई थी।

बारिश से पूर्व प्रधान की दो मंजिला बैठक गिरी, वृद्ध मां घायल: गुरुवार को बारिश के बाद किठौर के उत्तरी सालौर में पूर्व प्रधान की दो मंजिला बैठक भरभराकर गिर गई। हादसे में पूर्व प्रधान की वृद्ध मां चोटिल हो गई।

उत्तरी सालौर में प्राइमरी पाठशाला के पास पूर्व प्रधान देवेंद्र कुमार की बैठक है। इस दो मंजिला बैठक को देवेंद्र के पिता श्याम सिंह ने करीब 50 वर्ष पहले बनवाया था। गुरुवार को दोपहर में हुई बारिश के बाद करीब तीन बजे यह बैठक अचानक गिर गई। हादसे में देवेंद्र की 70 वर्षीय मां जगमाली चोटिल हो गईं। ग्रामीणों ने वृद्धा को मलबे से निकालकर चिकित्सक के पास पहुंचाया। उपचार के बाद उनकी स्थिति ठीक है।

chat bot
आपका साथी