सुबह साढ़े आठ बजे ही आफिस पहुंच गए कप्तान, ढाई घंटे सुनी फरियाद

नवनियुक्त कप्तान शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे अपने कार्यालय पहंच गए। करीब आधे घंट

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 08:16 AM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 08:16 AM (IST)
सुबह साढ़े आठ बजे ही आफिस पहुंच गए कप्तान, ढाई घंटे सुनी फरियाद
सुबह साढ़े आठ बजे ही आफिस पहुंच गए कप्तान, ढाई घंटे सुनी फरियाद

मेरठ,जेएनएन। नवनियुक्त कप्तान शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे अपने कार्यालय पहंच गए। करीब आधे घंटे तक स्टाफ से बातचीत की। कई लोगों से शिष्टाचार भेंट भी हुई। इसके बाद करीब नौ बजे से फरियाद सुनी। वहीं, एसपी ट्रैफिक को फोन कर कार्यालय बुला लिया।

सरकारी कार्यालय खुलने का समय नौ बजे का है, लेकिन शनिवार को एसएसपी प्रभाकर चौधरी साढ़े आठ बजे ही अपने आफिस पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने स्टाफ से परिचय लिया। इसके बाद कुछ लोगों ने मुलाकात भी की। नौ बजे से करीब ढाई घंटे तक फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कई मामलों की फाइल भी तलब की। साथ ही फरियादियों को जल्द समाधान का आश्वासन भी दिया। कई शिकायतकर्ता तो ऐसे थे, जिन्होंने कहा कि वह पांच-सात बार आ चुके हैं। इस पर उन्होंने अबकी बार समस्या के समाधान की बात कही। इस दौरान उन्होंने एसपी ट्रैफिक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव को भी फोन करके बुला लिया। एसएसपी के जाने के बाद एसपी क्राइम राम अर्ज ने शिकायतें सुनीं। हालांकि शनिवार को शिकायतकर्ता आंशिक क‌र्फ्यू के चलते कम ही पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि वह नियमित तौर पर कार्यालय में बैठेंगे और समस्याओं का समाधान करेंगे।

अवैध संबंधों के शक में इंजीनियर ने शिक्षिका पत्नी को घर से निकाला: अवैध संबंधों के शक में इंजीनियर ने शिक्षिका पत्नी को घर से निकाल दिया। महिला ने थाने पहुंचकर पति समेत ससुरालियों के खिलाफ शिकायत पत्र दिया है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर महिला को थाने से वापस भेज दिया।

नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी विवाहिता के मुताबिक वह परतापुर क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है। पति नोएडा स्थित एक कंपनी में इंजीनियर है। करीब चार वर्ष पहले महिला का विवाह हुआ था। दंपती के दो बेटियां भी हैं। ढाई साल तक दंपती का वैवाहिक जीवन अच्छा चलता रहा। इसके बाद पति महिला पर शक करने लगा। इसी को लेकर दोनों में झगड़ा होने लगा। महिला के स्वजन ने भी दामाद को समझाने का प्रयास किया। लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। आरोप है कि शनिवार दोपहर झगड़े के बाद इंजीनियर ने पत्नी को घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी प्रेमचंद्र शर्मा का कहना है कि महिला ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है। रविवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी