मेरठ के मुक्तिधाम में पुरोहितों की नहीं बल्‍कि 'भारत-पाकिस्तान' की लड़ाई, पढ़िए पूरा मामला

कोरोना संकट के बीच मेरठ के सूरजकुंड में पुरोहितों के बीच विवाद सामने आ रहे हैं। देश के बंटवारे के समय पाकिस्तान से भारत आए पंजाबी समाज के लोगों के दाह संस्कार को लेकर मुक्तिधाम के पुरोहितों में विवाद है। गुरुवार को पुरोहितों के दो गुटों में लाठी-डंडे चले थे।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 07:00 PM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 07:00 PM (IST)
मेरठ के मुक्तिधाम में पुरोहितों की नहीं बल्‍कि 'भारत-पाकिस्तान' की लड़ाई, पढ़िए पूरा मामला
मेरठ में सूरजकुंड में दाह संस्‍कार को लेकर पुरोहितों में विवाद है।

मेरठ, जेएनएन। देश के बंटवारे के समय पाकिस्तान से भारत आए पंजाबी समाज के लोगों के दाह संस्कार को लेकर मुक्तिधाम के पुरोहितों में विवाद है। इसे लेकर गुरुवार को पुरोहितों के दो गुटों में जमकर लाठी-डंडे चले थे। पुलिस ने पंजाबी समाज के शवों पर एकाधिकार जमाने वाले पुरोहित रामगोपाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, वहीं फरार चल रहे चार पुरोहितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

बंटवारे से पहले की बात

सूरजकुंड मुक्तिधाम में कोतवाली थाना क्षेत्र के भाटवाड़ा निवासी निशांत शर्मा पुरोहित है। निशांत बंटवारे से पहले भारत में रह रहे पंजाबी समाज के लोगों का दाह संस्कार कराता है। मुक्तिधाम के अन्य पुरोहितों के मुताबिक पुरोहित रामगोपाल शर्मा बंटवारे के बाद पाकिस्तान से भारत आए पंजाबी समाज के शवों का दाह संस्कार कराने का एकाधिकार रखता है। इसे लेकर पहले भी पुरोहितों में विवाद हो चुका है।

ऐसा हुआ विवाद

गुरुवार को निशांत ने पाकिस्तान से भारत आए पंजाबी समाज के बुजुर्ग के शव का दाह संस्कार करा दिया। इसी बात को लेकर निशांत और रामगोपाल का विवाद हो गया। उस समय अन्य पुरोहितों ने दोनों को समझाकर शांत कर दिया। आरोप है कि थोड़ी देर बाद रामगोपाल ने अपने साथी काके, अर्जुन व हरीश शर्मा समेत दो दर्जन अज्ञात युवकों के साथ मिलकर निशांत पर हमला कर दिया। उन्होंने मुक्तिधाम में ही निशांत की जमकर पिटाई की, जिसकी वजह से निशांत के दो दांत और नाक की हड्डी टूट गई। पुलिस ने मौके से रामगोपाल को हिरासत में ले लिया था।

शराब पीकर दाह संस्कार करने का आरोप

मुक्तिधाम के पुरोहितों ने रामगोपाल व उसके अन्य साथियों पर शराब पीकर दाह संस्कार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि रामगोपाल व उसके बेटे झगड़ा करने वाले हैं। पहले भी उसके बेटों ने एक पुरोहित की पिटाई की थी। इसके बाद परिवार की महिलाओं ने छेड़छाड़ का आरोप लगा हंगामा भी किया था। इस मामले में भी आरोपित पक्ष से छेड़छाड़ की तहरीर दी गई है।

इनका कहना है

रामगोपाल व उसके साथी काके, अर्जुन व हरीश समेत कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शुक्रवार को रामगोपाल को न्यायालय में पेश किया गया था। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

- विनीत भटनागर, एसपी सिटी

chat bot
आपका साथी