Swatantra Dev Singh in Saharanpur : सपा-बसपा शासन में सुरक्षित नहीं थीं बहन-बेटियां, सहारनपुर में बोले- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह

Swatantra Dev Singh in Saharanpur भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सहारनपुर में भाजपा कार्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार गरीबों शोषितों व वंचितों की सरकार है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक गरीब और प्रत्येक गांव का उत्थान है।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 05:55 PM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 05:55 PM (IST)
Swatantra Dev Singh in Saharanpur :  सपा-बसपा शासन में सुरक्षित नहीं थीं बहन-बेटियां, सहारनपुर में बोले- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहारनपुर पहुंचे

सहारनपुर, जागरण संवाददाता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा, बसपा व कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों की सरकारों में गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार का बोलबाला था और राज्य में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा है, जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय व डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने का काम कर रही है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को भाजपा कार्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह सरकार गरीबों, शोषितों व वंचितों की सरकार है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक गरीब और प्रत्येक गांव का उत्थान है और उसी दिशा में सरकार द्वारा अनेकों योजनाएं शुरू की गई हैं। सन 2024 तक प्रत्येक कच्चे मकान वाले को पक्का मकान सरकार द्वारा दे दिया जाएगा।

सोनिया गांधी पर बोला हमला

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के समय सरदार पटेल के कहने के बावजूद पंडित नेहरू ने विवादों का हल नहीं किया और कांग्रेस ने 70 साल तक इनको लटकाए रखा, वहीं केंद्र की मोदी सरकार ने धारा 370 व 35-ए एक झटके में हटाने का काम किया। सोनिया गांधी पर हमला बोलते हुए प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यूपीए सरकार में कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व को काल्पनिक बता दिया, शंकराचार्य की गिरफ्तारी की गई और हिन्दू आतंकवाद जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आने के बाद कश्मीर में सेना पर पत्थर नहीं फेंके जाते।

बिना भेदभाव के दिया जा रहा सभी योजनाओं का लाभ

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि मोदी और योगी सरकार में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से सभी को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, पन्ना प्रमुख तक की संरचना पार्टी द्वारा तैयार कर ली गई है और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम पार्टी कार्यकर्ताओं को करना है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से बड़ा दल, दल से बड़ी पार्टी और पार्टी से बड़ा राष्ट्र है और भाजपा कार्यकर्ता स्वार्थ की नहीं अपितु राष्ट्रहित के लिए राजनीति करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश व देशहित में एक बार फिर भाजपा सरकार बनना आवश्यक है।

ये रहे मौजूद

बैठक में कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक देवेंद्र निम व चौधरी किरत सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, महापौर संजीव वालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम, कुशपुरी, अमित अग्रवाल, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, महावीर राणा, रविंद्र मोल्हू, लाजकिशन गांधी सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी