Suicide In Meerut: परतापुर में पत्नी और महिला के आरोपों से तंग आकर मैकेनिक ने जान दी, दर्ज कराया था केस

Suicide In Meerut मेरठ में पत्‍नी और एक अन्‍य महिला के आरोपों से आजिज आकर एक मैकेनिक ने आत्‍मघाती कदम उठाते हुए अपनी जान दे दी। अभी हाल ही में युवक के खिलाफ उसकी पत्‍नी ने ही पुलिस में शिकायत की थी। युवक को पुलिस ने पकड़ा भी था।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Fri, 01 Oct 2021 09:35 AM (IST) Updated:Fri, 01 Oct 2021 09:35 AM (IST)
Suicide In Meerut: परतापुर में पत्नी और महिला के आरोपों से तंग आकर मैकेनिक ने जान दी, दर्ज कराया था केस
मेरठ में पत्नी ने मारपीट और महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था।

मेरठ, जागरण संवाददाता। मेरठ के परतापुर क्षेत्र के गगोल में पत्नी और एक महिला के आरोपों से तंग आकर बिजली मोटर मेकेनिक ने जान दे दी। युवक के खिलाफ पत्नी ने मारपीट और उत्‍पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था, वहीं दूसरी महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाकर थाने में दो दिन पहले तहरीर दी थी। पुलिस ने पूरा दिन युवक को थाने में बिठाकर रखा। इसके बाद शांतिभंग में चालान कर उसे छोड़ दिया। इस पूरे घटनाक्रम से क्षुब्ध आकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस अब मामले को रफा-दफा करने में जुटी हुई है।

मानसिक तनाव में उठाया कदम

गुरुवार को गगोल गांव में घर के अंदर कुशलपाल उर्फ नितिन सिंह ने फांसी लगाकर जान दे दी। इंस्पेक्टर शैलेंद्र प्रताप ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। तभी परिवार के लोगों ने हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि पुलिस तीन दिन से कुशलपाल का उत्पीडऩ कर रही थी। उसे एक दिन थाने में बिठाकर रखा। तभी से वह मानसिक तनाव में आ गया था। पुलिस ने स्वजन को शांत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पत्नी ने लगाया था अवैध संबंधों का आरोप

कुशलपाल की शादी गगोल की ही रिंकी से हुई थी। रिंकी का आरोप था कि कुशलपाल के एक महिला से अवैध संबंध हैं। इसे लेकर रिंकी और उस महिला में विवाद भी चल रहा था। दो दिन पहले प्रेमिका की तरफ से परतापुर थाने में कुशलपाल के खिलाफ छेड़छाड़ की तहरीर दी गई थी। तब पुलिस ने कुशलपाल को हिरासत में लेकर थाने में बिठाकर रखा था। पुलिस की जांच में मामला मारपीट का निकला था। इसके बाद पुलिस ने शांतिभंग में उसका चालान कर दिया था।

पत्नी ने कराई थी पति के खिलाफ रिपोर्ट

रिंकी का कहना है कि एक महिला से नितिन के अवैध संबंध थे। इन संबंधों का विरोध करने पर नितिन और महिला तथा उसका पति मारपीट उससे करते थे। रिंकी ने पुलिस को बताया कि नितिन के साथ उस महिला के फोटो भी हैं। नितिन अपनी कमाई का हिस्सा भी महिला पर खर्च करता था। इसकी वजह से दो बच्चों का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा था। रिंकी की तहरीर पर पुलिस ने कुशलपाल उर्फ नितिन, महिला और उसके पति के खिलाफ उत्पीडऩ और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस मुकदमे की विवेचना कर रही थी। इसी बीच आरोपित महिला गुरुवार को एसएसपी के समक्ष पेश हो गई थी। उसने कुशलपाल पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगा दिया था।

इनका कहना है

गगोल गांव के युवक के खिलाफ उसकी पत्नी और एक महिला ने थाने में शिकायत की थी। पुलिस दोनों ही मामलों में जांच कर रही थी। आत्महत्या की वजह तलाशने के लिए एएसपी को जांच सौंपी है।

- प्रभाकर चौधरी, एसएसपी

chat bot
आपका साथी