मेरठ पुलिस की सख्त कार्रवाई, कोटला बाजार से 40 लाख के पटाखे बरामद, व्यापारियों का हंगामा

मेरठ में पुलिस को देहली गेट क्षेत्र के कोटला बाजार में अवैध रूप से पटाखे बेचे जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। मंगलवार शाम पुलिस ने अनाज मंडी में व्यापारी सतीश अग्रवाल और ईशू जैन के गोदाम पर छापा मारा तो प्रतिबंधित पटाखों का जखीरा मिला।

By Parveen VashishtaEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 08:25 AM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 08:25 AM (IST)
मेरठ पुलिस की सख्त कार्रवाई, कोटला बाजार से 40 लाख के पटाखे बरामद, व्यापारियों का हंगामा
मेरठ में 40 लाख के प्रतिबंधित पटाखे बरामद, व्यापारियों का हंगामा

मेरठ, जागरण संवाददाता। दीपावली से पहले पुलिस ने कोटला बाजार में छापामार कर करीब 40 लाख रुपये के पटाखे बरामद किए। इसके विरोध में व्यापारियों ने हंगामा किया। सिटी मजिस्ट्रेट ने समझा बुझाकर शांत कराया। इस दौरान पुलिस ने अन्य गोदाम भी चेक किए।

यह है मामला

सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने बताया कि देहली गेट क्षेत्र के कोटला बाजार में अवैध रूप से पटाखे बेचे जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। मंगलवार शाम पुलिस ने अनाज मंडी में व्यापारी सतीश अग्रवाल और ईशू जैन के गोदाम पर छापा मारा तो पटाखों का जखीरा मिला। दोनों के गोदाम प्रतिबंधित पटाखों से भरे हुए थे। पुलिस को एक घंटे से ज्यादा वक्त पटाखों को छोटे हाथी में लादने में लगा। सीओ ने बताया कि करीब 40 लाख रुपये के पटाखे बरामद हुए हैं। दोनों व्यापारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उधर, जानकारी मिलने पर व्यापारी नेता अजय गुप्ता, दलजीत सिंह आदि मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा किया। सिटी मजिस्ट्रेट अमित भट्ट ने बताया कि घनी आबादी के बीच विस्फोटक पटाखे जमा थे, जिनसे बड़ा हादसा हो सकता था। कई लोगों की जान खतरे में थी। इसके बाद व्यापारी शांत हुए।

रंग-चूने की आड़ में चल रहा था काम

कोटला निवासी सतीश अग्रवाल प्लास्टर आफ पेरिस के साथ ही रंग और चूने का काम करते हैं। उनकी क्षितिज के नाम से दुकान है। रंग, चूने और प्लास्टर आफ पेरिस के लिए बनाए गए गोदाम को ही पटाखे रखने के लिए इस्तेमाल किया था। उनके बराबर में ही ईशू जैन का गोदाम है, उनके यहां से भी लाखों रुपये के पटाखे मिले है। पुलिस की कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया था। कई व्यापारी अपनी दुकानें और गोदाम बंद कर भाग गए थे।

chat bot
आपका साथी