बागपत में खेल विकास अभियान : कमिश्नर बोले-मेरठ मंडल के हर गांव में खेल और पार्क सुविधा विकसित कराएंगे
बागपत पहुंचे मंडलायुक्त मेरठ सुरेंद्र सिंह ने कहा कि खेलों से शारीरिक तथा मानसिक विकास होता है। बागपत के लोगों ने खेल सुविधाओं को विकसित कर इंटरनेशनल खिलाड़ी दिए।शूटर दादी चंद्रों तोमर व प्रकाशो तोमर ने बागपत का नाम दुनिया में रोशन किया।
जागररण संवाददाता, बागपत। सांसद-विधायकों तथा मंडलायुक्त ने युवक एवं महिला मंगल दलों को खेल सामग्री देकर बागपत खेल विकास अभियान का शुभारंभ किया। मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने कहा कि मेरठ मंडल के हर गांव में खेल व पार्क सुविधा विकसित कराएंगे। बागपत का इतिहास हजारों साल पुराना है। यहां के बाशिंदों ने अफगान, तुर्क और मंगोलों से लड़ाई लड़ी थी।
बांटी खेल सामग्री
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक मंच पर सांसद डा. सत्यपाल सिंह, मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह, डीएम राज कमल यादव और विधायकों ने युवा कल्याण विभाग की और से 25 गांवों के युवक एवं महिला मंगल दलों को खेल सामग्री बांटी। कोरोना की तीसरी लहर से बच्चों को बचाने को कुछ गांवों के प्रधानों को मेडिसिन किट वितरित की। सांसद ने अपने काम गिनाते हुए कहा कि पंचायतों के बजट से तालाबों की सफाई जल संरक्षण पर जोर दिया।
अफगान और मंगोलों से लड़ा था बागपत
मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने कहा कि खेलों से शारीरिक तथा मानसिक विकास होता है। बागपत के लोगों ने खेल सुविधाओं को विकसित कर इंटरनेशनल खिलाड़ी दिए। शूटर दादी चंद्रों तोमर व प्रकाशो तोमर ने बागपत का नाम दुनिया में रोशन किया। बागपत का हजारों साल पुराना इतिहास है। अफगान, तुर्क अैर मंगोलों से लडऩे वालों में बागपत, सोनीपत और पानीपत के बाशिंदें थे। यहां लोग गुस्से वाले भले हों लेकिन हैं अच्छे। खेल विकास अभियान शुरू करना डीएम का शानदार कदम है।
युवाओं को मिलेगा तैयारी का मौका
डीएम राज कमल यादव ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर व स्कूल-कालेजों में माडल खेल मैदान विकसित कराकर ऐसी सुविधाएं दी जाएंगी जिससे पुलिस-फोर्स में जाने की तैयारी करने वाले युवाओं को लाभ मिले। स्कूल-कालेजों में भी खेल मैदान विकसित करा युवाओं को खेलों से जोड़ेंगे। प्रथम चरण में 51 गांव, दूसरे चरण में 121 व तृतीय चरण में 72 गांव कवर कराएंगे। खेल प्रतियोगिता कराएंगे। विधायक सहेंद्र सिंह, विधायक योगेश धामा, विधायक केपी मलिक, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, एसपी अभिषेक सिंह, सीडीओ अभिराम त्रिवेदी, एडीएम अमित कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर, नेहरु युवा केंद्र के युवा अधिकारी अरुण तिवारी आदि मौजूद रहे।
मैं खिलाड़ी नहीं बन पाया
मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने कहा कि जीवन में एक अफसोस है कि मैं खिलाड़ी नहीं बन पाया। खेल में होने वाली हार-जीत जीवन जीने का तरीका सिखाती है।