छोटे दलों से मिलेगी मजबूती, सरकार बनाएगी सपा : नरेश उत्तम
सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल का कहना है कि 2022 का विधानसभा चुनाव जीतकर
मेरठ,जेएनएन। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल का कहना है कि 2022 का विधानसभा चुनाव जीतकर सपा सरकार बनाएगी। रालोद और कई छोटे दलों के गठबंधन से मजबूती मिलेगी। वह शनिवार को जिला कार्यालय पर नेताओं को संबोधित कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष सात दिसंबर की प्रस्तावित अखिलेश यादव- जयंत चौधरी की संयुक्त परिवर्तन रैली की तैयारी की समीक्षा करने पहुंचे हैं। वह सात दिसंबर तक मेरठ में ही रुककर व्यवस्था देखेंगे।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस बार महंगाई, भ्रष्टाचार और विकास मुख्य मुद्दा होगा। भाजपा ने जनता के साथ धोखा किया है। बड़े-बड़े वादे करके कोई भी काम नहीं किए। पिछली सरकारों के जो काम थे, उन परियोजनाओं के फीता काटकर अपना नाम कर लिया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मथुरा से संबंधित बयान पर उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने के लिए ऐसे बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा जुमलों की पार्टी है। चुनाव आने पर ऐसे जुमले छोड़ती रहती है जनता अब समझ गई है। उन्होंने कहा कि सात दिसंबर की रैली ऐतिहासिक होगी। अखिलेश यादव की कई रैलियों में उमड़ी भीड़ से भाजपा की नींद उड़ी हुई है। जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर, विधायक रफीक अंसारी, पूर्व जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह, अतुल प्रधान, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, सम्राट मलिक, बदर अली, मनोज चपराणा, चैतन्य देव स्वामी मौजूद रहे।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष दबथुवा में रैली स्थल देखने पहुंचे। रविवार को वह बागपत जाएंगे। इसके बाद शामली व मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे।
दबथुवा: सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल व सपा नेता अतुल प्रधान ने रैली के स्थल का निरीक्षण किया। सपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह, एमएलसी संजय लाठर, पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद, पूर्व जिला अध्यक्ष जयबीर सिंह, आदिल चौधरी, महबूब मलिक व राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़, राजकुमार सांगवान आदि रहे।