शोभित शर्मा को मिलेगा पूर्व राष्ट्रपति स्वर्ण पदक
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने नौ मार्च को प्रस्तावित दीक्षा समारोह में पदक पाने वाले छात्र-छात्राओं की अंतिम सूची जारी कर दी है।
मेरठ, जेएनएन। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने नौ मार्च को प्रस्तावित दीक्षा समारोह में पदक पाने वाले छात्र-छात्राओं की अंतिम सूची जारी कर दी है। वर्ष 2019 और 2020 की परीक्षा की परीक्षा के टापर्स छात्र-छात्राओं को अगर इस पर आपत्ति है तो वह 26 फरवरी दोपहर एक बजे तक विश्वविद्यालय के सामान्य विभाग में दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद संशोधन नहीं होगा।
विश्वविद्यालय में वर्ष 2020 की परीक्षा में एक छात्र को पूर्व राष्ट्रपति डा. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक, दो मेधावियों को स्मृति प्रतिभा पुरस्कार, 53 को प्रायोजित स्वर्ण पदक, 166 को कुलपति स्वर्ण पदक, 188 छात्रों को विशिष्ट योग्यता प्रमाण पत्र मिलेगा। इसी तरह से वर्ष 2019 चार को प्रायोजित स्वर्ण पदक, 23 छात्र-छात्राओं को कुलपति स्वर्ण पदक 26 को विशिष्ट योग्यता प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
इन्हें मिलेगा पदक
वर्ष 2020 की परीक्षा में चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार प्रवीण कुमार को मिलेगा। दूसरे स्थान पर बीएससी कृषि में प्रांशु वर्मा हैं। जिन्हें चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार दिया जाएगा। 2020 की परीक्षा में एमफिल एग्रीकल्चर के छात्र शोभित शर्मा को डा. शंकर दयाल शर्मा गोल्ड मेडल मिलेगा।
बीटेक में प्रज्ञा और एमएफए में साक्षी टापर
चौधरी चरण सिंह विवि की ओर से नौ मार्च को प्रस्तावित दीक्षा समारोह के लिए बीटेक की टापर्स सूची जारी हो गई है। इसमें प्रज्ञा गुप्ता 86.44 फीसद अंक के साथ टापर हैं। विवि की ओर से पांच अन्य छात्र-छात्राओं की सूची दी गई है। जिस पर अगर किसी को आपत्ति है तो वह अपने प्रत्यावेदन एक सप्ताह में भेज सकते हैं। इसके साथ ही एफएफए टेक्सटाइल डिजाइन में साक्षी सिघल 82.55 फीसद अंक लेकर टापर हैं।
दीक्षा समारोह नौ मार्च को
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का दीक्षा समारोह नौ मार्च को है। समारोह में इस बार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ उपमुख्यमंत्री दिनेशचंद्र शर्मा भी शिरकत करेंगे। नौ मार्च को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह के अलावा सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय, मोदीपुरम का दीक्षा समारोह भी होना है। सबसे पहले सुबह 11 बजे चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का दीक्षा समारोह शुरू होगा। जिसमें एक बजे तक राज्यपाल और उपमुख्यमंत्री रहेंगे। समारोह में उपमुख्यमंत्री भी संबोधित करेंगे। उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए विवि प्रशासन तैयारी को भव्य करने में जुट गया है।