मेरठ में शर्मनाक करतूत : कॉलगर्ल बताकर फेसबुक पर अपलोड किए पत्नी के फोटो, पति गिरफ्तार

मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी 2016 में गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी के तीन साल बाद घर में छोटी-छोटी बातों को लेकर दंपती में विवाद हो गया। इसके बाद पत्‍नी मायके रहने लगी थी। पति इसी बात को लेकर गुस्‍से में था।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 11:30 AM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 11:30 AM (IST)
मेरठ में शर्मनाक करतूत : कॉलगर्ल बताकर फेसबुक पर अपलोड किए पत्नी के फोटो, पति गिरफ्तार
मेरठ में शादी के तीन साल बाद से दोनों में चल रहा था विवाद।

मेरठ, जेएनएन। मेरठ में एक और शर्मसार कर देने वाला किस्‍सा सामने आया है। यहां मुंडाली थाना क्षेत्र में कालगर्ल बताकर पत्नी के फोटो फेसबुक पर अपलोड कर दिए। साथ ही महिला का फोन नंबर तक लिख दिया। महिला के पास मोबाइल पर काल आने के बाद मामले की जानकारी मिली। उसके बाद पीडि़ता ने मुंडाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपित पति को घर से ही गिरफ्तार लिया है। पुलिस पति से पूछताछ कर रही है।

मायके रहने लगी थी पत्‍नी

मुंडाली थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी 2016 में एक गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी के तीन साल बाद घर में छोटी-छोटी बातों को लेकर दंपती में विवाद हो गया। 2019 में महिला पति को छोड़कर ससुराल से अपने मायके जाकर रहने लगी। इसी बीच पति ने महिला के फोटो फेसबुक पर अपलोड कर दिए। उसके बाद महिला ने एसएसपी से लेकर थाने तक शिकायत की। शुक्रवार को महिला की तहरीर पर आरोपित पति खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। एसओ रवि चंद्रवाल ने बताया कि आरोपित पति को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने ही महिला की फोटो फेसबुक पर डालकर अश्लील शब्दों का प्रयोग किया है।

शराबी पति से परेशान महिला बच्चे संग रेलवे ट्रैक पर कूदी

मेरठ में शराबी पति से परेशान एक महिला अपने बच्चे संग मोदीपुरम के पास रेलवे ट्रैक पर कूद गई। इस दौरान दिल्ली की तरफ से मालगाड़ी आने की भी सूचना थी। इसी बीच किसी राहगीर ने कंट्रोल रूम को रेलवे ट्रैक पर महिला के होने की सूचना दे दी। पीआरवी मौके पर पहुंची। एक सिपाही ने बामुश्किल महिला को समझा कर रेलवे ट्रैक से हटाया और उसकी जान बचाई। इसके बाद उसे घर भेज दिया गया।

आए दिन मारपीट

बताया जाता है कि पल्लवपुरम निवासी एक महिला का पति शराब का आदी है। आए दिन महिला के साथ मारपीट करता है। पति घर का खर्च भी नहीं देता। महिला से वह नौकरी कराने को कहता है। जबकि महिला इसका विरोध करती है। आए दिन पति की मारपीट और बदसलूकी से परेशान विवाहिता अपने बच्चे संग शुक्रवार को पल्लवपुरम के पास रेलवे ट्रैक पर कूद गई।

समझाकर घर भेजा

इसी दौरान जिटौली फ्लाईओवर से कोई राहगीर जा रहा था, जिसने महिला को रेलवे ट्रैक पर देखा तो कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिसके बाद पीआरवी मौके पर पहुंची। उस पर तैनात एक सिपाही ने समझदारी दिखाते हुए महिला को बातों में उलझाया और रेलवे ट्रैक से मां और उसके बच्चे को हटा दिया। मालगाड़ी गुजर गई। जिसके बाद सिपाही ने महिला को ठीक तरह से समझाया और घर भेजा। इस प्रकरण में पल्लवपुरम इंस्पेक्टर देवेश कुमार शर्मा का कहना है कि मामला थाने में नहीं पहुंचा है। महिला अगर थाने में तहरीर देती है तो आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी