शाहिद ने अशोक को खिलाई मिठाई, भाजपा का 'जायका बिगड़ा'

ब्लाक प्रमुख चुनावों में समाजवादी पार्टी भले ही लड़ाई में नजर नहीं आई मगर दिग्ग

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Jul 2021 08:15 AM (IST) Updated:Sun, 11 Jul 2021 08:15 AM (IST)
शाहिद ने अशोक को खिलाई मिठाई, भाजपा का 'जायका बिगड़ा'
शाहिद ने अशोक को खिलाई मिठाई, भाजपा का 'जायका बिगड़ा'

मेरठ, जेएनएन। ब्लाक प्रमुख चुनावों में समाजवादी पार्टी भले ही लड़ाई में नजर नहीं आई, मगर दिग्गज सपा नेता व पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर के एक समर्थक की पोस्ट ने भाजपा का जायका बिगाड़ दिया है। माछरा ब्लाक में जीते अशोक त्यागी को मिठाई खिलाते हुए सपा नेता की फोटो वायरल होने के बाद नई सियासी चर्चा छिड़ गई है। उन्हें माछरा का गेमचेंजर माना जा रहा है। परीक्षितगढ़ में भी उनकी भूमिका को लेकर राजनीतिक दलों में चर्चा है।

माछरा ब्लाक के लिए भाजपा से दो दावेदार अशोक त्यागी व पूर्व ब्लाक प्रमुख ब्रजवीर टिकट मांग रहे थे। भाजपा ने यहां पर प्रत्याशी तय नहीं किया। शनिवार को चुनाव में अशोक त्यागी 37 मतों से विजयी हुए तो भाजपा जिला अध्यक्ष अनुज राठी, भाजपा किसान मोर्चे के प्रदेश पदाधिकारी संजय त्यागी व अन्य ने उनको बधाई देते हुए फोटो खिंचवाया। उधर, इसी समय एक फोटो इंटरनेट मीडिया पर सियासी सुर्खियां बटोरने लगा। इसमें सपा के पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर अशोक त्यागी को मिठाई खिलाते नजर आए। एक वीडियो में स्वागत के समय भी दिखाई दे रहे हैं। शाहिद के एक समर्थक ने परीक्षितगढ़ से भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मा सिंह की जीत में शाहिद मंजूर की भूमिका की ओर इशारा किया है। इससे भाजपा का अंदरूनी पारा बढ़ा हुआ है। इस संबंध में निर्वाचित प्रमुख अशोक त्यागी से पक्ष जानने का प्रयास किया लेकिन वे मुस्कराकर चले गए। इन्होंने कहा..

भाजपा से दो दावेदार चुनाव मैदान में थे जिसमें अशोक त्यागी विजयी हुए। मेरी मौजूदगी में उन्होंने प्रमाण पत्र लिया और भाजपा कार्यालय पहुंचे। जनप्रतिनिधि को मिठाई खिलाने सभी आते हैं, किसी को मना नहीं किया जा सकता है। परीक्षितगढ़ से भाजपा ने प्रत्याशी घोषित किया हुआ था और वही जीते हैं।

अनुज राठी, जिला अध्यक्ष भाजपा। इन्होंने कहा..

सत्ता की हवा के बीच माछरा प्रमुख पद पर अशोक त्यागी को चुनाव लड़ाया और विजयी बनाया। सब जानते हैं कि यह जीत किसकी हुई है।

शाहिद मंजूर, पूर्व मंत्री सपा।

chat bot
आपका साथी