बिजनौर में विवाहिता और बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या से फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
शुक्रवार को हुई दो हत्याओं से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। क्षेत्र में सनसनी फैल गई पुलिस को जानकारी होने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पहली घटना में विवाहिता की गला घोटकर हत्या की गई तो बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या की गई।
बिजनौर, जेएनएन। जनपद में शुक्रवार को हुई दो हत्याओं से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। क्षेत्र में सनसनी फैल गई, पुलिस को जानकारी होने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पहली घटना में विवाहिता की गला घोटकर हत्या की गई। आरोप है कि दहेज की वजह से ऐसी वारदात हुई है, वहीं एक बुजुर्ग की भी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
विवाहिता की हत्या
जनपद के गांव रूपपुर शाहपुर में ससुरालियों द्वारा विवाहिता गला घोंटकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में 20 लाख व कार की मांग कर रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव जटपुरा निवासी प्रेम सिंह की पुत्री रीना की शादी वर्ष 2014 में गांव रूपपुर शाहपुर निवासी के पुत्र से हुई। आरोप है कि पति व अन्य ससुरालियों द्वारा 20 लाख रुपयों और कार की मांग को लेकर उत्पीड़न करने लगे। विवाहिता का पति उसे लेकर दूसरी जगह रह रहा था, लेकिन वहाँ भी उसका उत्पीड़न किया गया। आरोप है कि गुरुवार रात पति व अन्य ससुराल के लोग एक राय हुए और विवाहिता की फांसी लगा कर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, मृतका के पिता की और से पुलिस को तहरीर दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वृद्धा की हत्या में मिली सीसीटीवी फुटेज
वृद्धा की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने एक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या होना पाया गया है। सिर में भी चोट है। स्योहारा थाना थाना क्षेत्र के गांव फैजुल्लापुर में बुधवार रात को वृद्धा अनीसा की हत्या का गई थी। उसका शव घर के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला था। इस प्रकरण में पुलिस अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की वजह गला घोंटना आया है। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध युवक जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस ने उसकी जांच शुरु कर दी है। कुछ नशा करने वाले युवकों को उठाया है। चूंकि, मौके पर नशे के सामान के पाउच मिले थे। इसलिए, वारदात के पीछे नशेड़ी गैंग का हाथ मानकर चल रही है। वहीं पुलिस परिवारिक विवाद के एंगल पर भी जांच कर ही है। एसपी ने बताया कि पुलिस को कुछ अहम जानकारी मिली है। कुछ युवकों से पूछताछ की जा रही है।