संजय की अय्याशी पकड़ी, इसलिए खूनी साजिश रची

चंदा और संजय लूथरा के दांपत्य जीवन में काफी पहले खटास आ चुकी थी। पांच साल पहले भी संजय ने चंदा को तलाक दे दिया था। छह माह तक दोनों अलग रहे।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Feb 2021 04:30 AM (IST) Updated:Thu, 25 Feb 2021 04:30 AM (IST)
संजय की अय्याशी पकड़ी, इसलिए खूनी साजिश रची
संजय की अय्याशी पकड़ी, इसलिए खूनी साजिश रची

मेरठ, जेएनएन। चंदा और संजय लूथरा के दांपत्य जीवन में काफी पहले खटास आ चुकी थी। पांच साल पहले भी संजय ने चंदा को तलाक दे दिया था। छह माह तक दोनों अलग रहे। परिवार की पंचायत में समझौता होने पर फिर से दोनों ने कोर्ट मैरिज की और साथ रहने लगे। इसके बाद भी संजय लूथरा अपनी बुरी आदतों से बाज नहीं आया। वह दोस्त डा. रजत भारद्वाज के साथ घर पर लड़कियों को बुलाकर अय्याशी करता था। चंदा ने दोनों को अय्याशी करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया था। तभी उन्होंने चंदा की हत्या की योजना तैयार की। वहीं, बुधवार को संजय और रजत के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया। साथ ही तकिया और मृतका के कपड़ों को फोरेंसिक लैब भेज दिया।

डेढ़ माह पहले बनाई थी योजना

करीब डेढ़ माह पहले एक दिन चंदा स्कूल से लौटी तो घर का नजारा देख शर्म से पानी-पानी हो गई। घर में एक बाहरी लड़की के साथ संजय और रजत मौजूद थे। इस बात पर चंदा ने पति को खूब खरी-खोटी सुनाई। संजय ने मारपीट शुरू कर दी। उसी दिन संजय ने रजत के साथ मिलकर चंदा की हत्या की योजना तैयार की। हत्या वाले दिन भी पहले दोनों ने चंदा को पीटा। उसके बाद चंदा को बेहाश करने का केमिकल सुंघा दिया। चंदा के बेहोश होने पर रजत ने मुंह पर तकिया रखकर उसका दम घोंट दिया। चंदा की मौत होने के बाद रजत अपने घर लौट गया। संजय ने उसके मायके वालों को बीमारी से मौत होने की सूचना दे दी।

ऐसे उठा पूरे घटनाक्रम से पर्दा

पुलिस ने संजय लूथरा के मोबाइल की जांच की। मोबाइल से चंदा की हत्या के दौरान की तस्वीर मिली। इस तस्वीर में डा. रजत भारद्वाज तकिए से चंदा का मुंह दबाते दिख रहा है। इसपर पुलिस ने रजत को पकड़ लिया। दोनों ने बताया कि चंदा कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। डा. रजत उसका उपचार कर रहा था। इसलिए हत्या की योजना में रजत को साथ मिलाया। संजय ने रजत का फोटो इसलिए खींचा ताकि वह बाद में उसे ब्लैकमेल न करे। पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बचपन के दोस्त हैं और एक-दूसरे के राजदार भी।

चंदा का 50 लाख की बीमा कराया था

संजय ने चंदा की हत्या की योजना बनाने के बाद उसका 50 लाख का बीमा भी करा दिया था ताकि उसकी हत्या के बाद ऐशोआराम की जिंदगी जी सके।

कर्ज माफी और डेढ़ लाख की रकम का वादा

पहले रजत ने चंदा की हत्या में संजय का साथ देने से मना कर दिया था। संजय ने रजत को कई दिन पहले पांच लाख रुपये उधार दिए थे। तय हुआ कि वह यह कर्ज माफ कर देगा। साथ ही डेढ़ लाख रुपये अतिरिक्त देगा। इसपर रजत हत्या करने के लिए तैयार हो गया।

यह था घटनाक्रम

नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-दो जैन मंदिर निवासी टेंट व्यापारी संजय लूथरा की जून 2012 में खतौली के अशोक मार्केट निवासी चंदा अरोड़ा से शादी हुई थी। चंदा खतौली ब्लाक के लोहड्डा गाव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका थी। 19 फरवरी की रात को चंदा की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी थी।

chat bot
आपका साथी