मेरठ की साक्षी जौहरी को मिला रानी लक्ष्‍मीबाई पुरस्‍कार, अब वर्ल्ड चैंपियनशिप की करेंगी तैयारी

मेरठ की साक्षी जौहरी को रानी लक्ष्‍मीबाई पुरस्‍कार म‍िला। साक्षी जोहरी 14 साल से वुशु का प्रशिक्षण ले रही हैं। उनका प्रशिक्षण साल 2008 में कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच मनीष शर्मा के मार्गदर्शन में शुरू हुआ था।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 03:11 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 03:11 PM (IST)
मेरठ की साक्षी जौहरी को मिला रानी लक्ष्‍मीबाई पुरस्‍कार, अब वर्ल्ड चैंपियनशिप की करेंगी तैयारी
वूशु की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी साक्षी जौहरी ।

मेरठ, जेएनएन। रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित होकर लौटी वूशु की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी साक्षी जौहरी का परिवार व आसपास के लोगों ने ढोल नगाड़े के साथ स्वागत किया। बुढ़ाना गेट निवासी साक्षी को माला पहनाकर उन्हें खेल में यूं ही देश का नाम रोशन करने के लिए सभी ने शुभकामनाएं दी और वर्तमान पुरस्कार के लिए बधाई भी दी। साक्षी ने कहा कि यह पुरस्कार पाना गौरव की बात है और इस पुरस्कार के साथ ही अब एक खिलाड़ी के तौर पर उनकी जिम्मेदारी भी बहुत ज्यादा बढ़ गई है। अब वह कोशिश करेंगी कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का नाम रोशन करें और ओलंपिक खेलों तक पहुंचकर प्रदर्शन भी करें।

चौदह वर्ष से ले रहीं प्रशिक्षण

साक्षी जोहरी 14 साल से वुशु का प्रशिक्षण ले रही हैं। उनका प्रशिक्षण साल 2008 में कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच मनीष शर्मा के मार्गदर्शन में शुरू हुआ था। वर्तमान में उनका प्रशिक्षण कोच विजेंद्र सिंह करा रहे हैं। अपने खेल में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए साक्षी तलवारबाजी में निपुण हैं। तलवारबाजी में ही उन्होंने साल 2019 में ईरान में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक व रजत पदक जीता था। 2018 में बुगलरिया में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व किया और राष्ट्रपति योगिता में स्वर्ण पदक जीता। वर्तमान में साक्षी जौहरी चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से बीपीएड की पढ़ाई कर रही हैं और 26 मार्च को चंडीगढ़ में ही होने वाली नेशनल चैंपियनशिप की तैयारी भी कर रही हैं। इसके साथ ही चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में ही 24 मार्च को वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए भी ट्रायल होंगे और साक्षी का फोकस विश्व विश्वविद्यालय चैंपियनशिप में खेलकर देश के नाम पदक जीतना भी है।

स्टेडियम में भी सम्मानित होंगे खिलाड़ी

कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में आज दोपहर 3:00 बजे एमएलसी अश्वनी त्यागी लक्ष्मण पुरस्कार विजेता पैरालिम्पियन सचिन चौधरी और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार विजेता साक्षी जोहरी को सम्मानित करेंगे। मेरठ से पुरस्कार पाने वाले 5 खिलाड़ियों में यह दो ही वर्तमान में मेरठ में है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर के अनुसार प्रियंका गोस्वामी बेंगलुरु में है वही हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया अर्जेंटीना में है। इसलिए वह यहां नहीं पहुंच सकती। वही कुलदीप अहलावत भी मुजफ्फरनगर में हैं। इतने कम समय में आना संभव नहीं होगा। फिलहाल दो खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी