सहारनपुर : किसान आंदोलन पर आयुष मंत्री बोले निकलेगा रास्ता, टिकैत ने कहा यह केंद्र का विषय

सहारनपुर की नकुड़ विधानसभा सीट से विधायक और उत्तर प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री डा. धर्म सिंह सैनी ने किसान आंदोलन पर कहा कि जल्द ही सरकार तथा किसान संगठन बैठकर एक राय होंगे तथा बीच का कोई रास्ता निकालकर इस मसले का निस्तारण कर लिया जाएगा।

By Parveen VashishtaEdited By: Publish:Thu, 11 Nov 2021 11:27 PM (IST) Updated:Thu, 11 Nov 2021 11:27 PM (IST)
सहारनपुर : किसान आंदोलन पर आयुष मंत्री बोले निकलेगा रास्ता, टिकैत ने कहा यह केंद्र का विषय
आयुष राज्यमंत्री डा. धर्म सिंह सैनी और राकेश टिकैत

सहारनपुर, जागरण संवाददाता। प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री डा. धर्म सिंह सैनी ने तीन कृषि कानून के विरोध में चल रहे आंदोलन को लेकर गुरुवार को कहा कि अब समय आ गया है, सरकार और किसानों को मिल-बैठकर सभी मतभेद दूर करते हुए आम सहमति बना लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को लेकर भाजपा सरकार पूरी तरह संवेदनशील है, जल्द ही किसानों की मांगों का निस्तारण होने वाला है। दूसरी ओर भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि धर्म सिंह सैनी प्रदेश सरकार के मंत्री हैं जबकि कृषि कानून का मामला केंद्र सरकार का है।

बोले मंत्री-किसानों की मांगों को लेकर सरकार गंभीर

सहारनपुर जिले की नकुड़ विधानसभा सीट से विधायक और उत्तर प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री डा. धर्म सिंह सैनी ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर सरकार गंभीर है। जल्द ही सरकार तथा किसान संगठन बैठकर एक राय होंगे तथा बीच का कोई रास्ता निकालकर इस मसले का निस्तारण कर लिया जाएगा। आयुष मंत्री ने कहा कि किसान आंदोलन पर आम सहमति बनाकर रास्ता निकालना असंभव नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह कार्य जल्दी ही होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाकियू नेता राकेश टिकैत एक किसान नेता हैं और किसानों की लड़ाई लड़ते हैं, उनसे वार्ता होती रहती है। दूसरी ओर हम सरकार के प्रतिनिधि हैं इसलिए सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है कि हम किसानों की समस्या का निस्तारण करें।

धर्म सिंह सैनी ने कहा कि योगी सरकार ने साढ़े चार साल में यूपी में रिकार्ड काम किया है। सरकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग को लाभान्वित किया गया है। गरीबों को छत मुहैया कराई गई, मुफ्त राशन का वितरण किया गया, किसान सम्मान निधि करोड़ों खातों में पहुंच रही है, रिकार्ड टीकाकरण कर कोरोना को मात दी गई, अपराध की कमर तोडऩे का काम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किया गया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लडऩे जा रही है। हिंदू-मुस्लिम करना विपक्षियों का काम है, हमारा नहीं।

बोले टिकैत- मंत्री से नहीं हुई कोई बात 

दूसरी ओर भाकियू नेता राकेश टिकैत ने देर शाम बताया कि कृषि कानून के विरोध में करीब एक साल से संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर चल रहे आंदोलन को लेकर उनकी प्रदेश सरकार के मंत्री धर्म सिंह सैनी से कोई बात नहीं हुई है। उन्हें वार्ता के लिए कोई पत्र भी नहीं मिला है। चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि हो सकता है मंत्री धर्म सिंह सैनी की सरकार में किसी से कोई बात हुई हो। वैसे यह राज्य नहीं वरन केंद्र सरकार से जुड़ा मामला है।

chat bot
आपका साथी