सीढ़ियों से गिरे राकी, रुक गई रानी की शादी, बुलंदशहर में शूटिंग देखने पहुंचे फैन को नहीं मिली रणवीर सिंह की झलक

बुलंदशहर के ऊंचागांव फोर्ट में विवाह मंडप के दृश्य लगभग एक घंटे तक शूट किए गए। फिल्म की कहानी के अनुसार मुख्य कलाकार रणवीर सिंह को सीढ़ियां उतरकर विवाह मंडप में पहुंचना पहुंचना था। कहानी के अनुसार रणवीर को सीढ़ियों से फिसलना होता है।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 02:46 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 02:46 PM (IST)
सीढ़ियों से गिरे राकी, रुक गई रानी की शादी, बुलंदशहर में शूटिंग देखने पहुंचे फैन को नहीं मिली रणवीर सिंह की झलक
बुलंदशहर में शूटिंग देखने पहुंचे फैन, नहीं मिली रणवीर सिंह की झलक

बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। करन जौहर की आगामी फिल्म राकी और रानी की प्रेम कहानी के कुछ दृश्य बुधवार को विवाह मंडप में फिल्माए गए। इसमें राकी बने अभिनेता रणवीर सिंह मंडप में जाते समय सीढ़ी से फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। इसके बाद फिल्म की मुख्य नायिका रानी अर्थात आलिया भट्ट की शादी रुक जाती है। ऊंचागांव फोर्ट में इन दृश्यों को फिल्माने के लिए धर्मा प्रोडक्शन की टीम जुटी रही। इस दौरान माइक पर एक्शन और कट की आवाज दूर तक गूंजती रही। शूटिंग देखने आए लोगों को बस यही कुछ शब्द सुनकर संतोष करना पड़ा।

विवाह मंडप के दृश्य लगभग एक घंटे तक शूट किए गए। फिल्म की कहानी के अनुसार मुख्य कलाकार रणवीर सिंह को सीढ़ियां उतरकर विवाह मंडप में पहुंचना पहुंचना था। कहानी के अनुसार रणवीर को सीढ़ियों से फिसल जाना होता है। रणवीर सिंह के सीढ़ियों से फिसलने के दृश्य कई बार लिए गए। रणवीर सिंह ने सीढ़ियों से फिसलने का अभिनय किया। इसके बाद फिसलने से चोटिल हुए रणवीर पर कई दृश्य फिल्माए गए।

रणवीर को देखने उमड़े लोग मायूस

ऊंचागांव किले के बाहर अभिनेता रणवीर सिंह की एक झलक पाने के लिए उनके चाहने वालों की भीड़ लगी रही। इनमें युवाओं की संख्या ज्यादा थी। हालांकि बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के चलते कोई भी रणवीर की झलक तक नहीं पा सका। इससे लोगों में मायूसी देखी गई।

कर्मचारियों के मोबाइल पर रोक

मंगलवार को फिल्म के कुछ दृश्य शूट किए गए जिनकी वीडियो वायरल हो गई। प्रोडक्शन यूनिट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिस कर्मचारी ने वीडियो बनाया था उसका मोबाइल रिसेट किया। साथ ही फिल्म से जुड़ा कोई भी तथ्य लीक करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। स्थानीय कर्मचारियों के शूटिंग सेट पर मोबाइल लाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

धर्मेंद्र 22 के बाद आएंगे

ऊंचागांव के किले में चल रही फिल्म की शूटिंग में भाग लेने के लिए फिल्म में रणवीर सिंह के पिता बने अभिनेता धर्मेद्र 22 अक्टूबर के बाद आएंगे।

धर्मा प्रोडक्शन के लगे बोर्ड, किले के बाहर खड़ी हैं प्रोडक्शन की गाड़ियां

फिल्म राकी और रानी की प्रेम कहानी की शूटिंग के लिए स्याना क्षेत्र में आई धर्मा प्रोडक्शन की यूनिट के बोर्ड नहर की पटरी पर और ऊंचागांव में लगाए गए हैं। एक बोर्ड किले के मुख्य द्वार पर लगाया गया है और दूसरा बोर्ड बागवान रिजार्ट को जाने वाले मार्ग नहर की पटरी व तीसरा बोर्ड मैंगो रिजार्ट पर लगाया गया है। किले में शादी का मंडप तैयार किया गया है। मंडप बनाने का सामान धर्मा प्रोडक्शन की ओर से ही मंगवाया गया है। फिल्म राकी और रानी की प्रेम कहानी बंगाली लड़की व उत्तर भारतीय लड़के की प्रेम कहानी पर आधारित है। फिल्म में धमेर्ंद्र व जया बच्चन रणवीर सिंह के स्वजन, जबकि शबाना आजमी आलिया भट्ट की स्‍वजन की भूमिका में हैं। फोर्ट में फिल्म का बड़ा हिस्सा फिल्माया जाएगा। बताया जा रहा है कि करन जौहर अपनी टीम के साथ यहां 11 नवंबर तक रहेंगे।

chat bot
आपका साथी