Robbery In Baghpat: दाहा में बंधक बनाकर नकाबपोश बदमाशों ने डाली डकैती, सोने-चांदी के जेवरात ले गए

Robbery In Baghpat बागपत में अपराधी बेकाबू हो रहे हैं। शनिवार की रात को यहां दाहा में छह नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश अपने साथ सोने-चांदी के जेवरात के अलावा तीन दुधारू भैंस ले गए। पुलिस जांच कर रही है।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 01:50 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 01:50 PM (IST)
Robbery In Baghpat: दाहा में बंधक बनाकर नकाबपोश बदमाशों ने डाली डकैती, सोने-चांदी के जेवरात ले गए
बागपत में छह में से दो संदिग्धों से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।

बागपत, जागरण संवाददाता। Robbery In Baghpat बागपत जनपद में आपराधिक वारदात रुकने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार की रात दाहा के आजमपुर मुलसम गांव में बदमाशों ने एक व्यक्ति को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम देते हुए सोने-चांदी के जेवरात के अलावा तीन दुधारू भैंस लूट ली। घटना के बाद हथियारबंद बदमाश फरार हो गए। बाद में एक भैंस पानी भरे खेत में मिल गई। घटना की जानकारी के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपितों से पूछताछ शुरू कर दी है।

दीवार फांदकर घुसे बदमाश

आजमपुर मुलसम गांव के रहने वाले धर्मपाल ने बताया कि उसका घेर गांव से बाहर खेत से सटा हुआ है। वह रात के समय अकेला ही घेर में सोया हुआ था। छह नकाबपोश बदमाश लगभग 11 बजे दीवार फांदकर घेर में कूद गए। आहट होने पर वह जाग गया तो दो बदमाशों ने चारपाई से खड़ा होते हुए उसे पिस्टल के बल पर बंधक बना लिया और उसके हाथ-पैर बांधकर उसे कमरे में बंद कर दिया।

खेतों की ओर भाग गए

पीड़ित ने बताया कि घेर में ही संदूक आदि रखे हुए हैं। बदमाशों ने संदूक से दो तोले की दो सोने की चेन, एक अंगूठी और 15 हजार रुपए की नगदी निकाल ली। उसके बाद बदमाशों ने घेर की खेत से सटी दीवार को उखाड़ दिया और तीन दुधारू भैंस लेकर खेतों की ओर फरार हो गए। खेत से सटी दीवार बदमाशों ने इसलिए उखाड़ी ताकि किसी को घटना का पता न चले।

पड़ोसियों ने किया बंधनमुक्‍त

बदमाश रात 11 बजे से दो बजे तक उसके घर में रहे। बदमाशों के जाने के बाद उसने शोर मचा दिया तो पड़ोस के लोग उसके घेर में पहुंचे और उसे बंधनमुक्त किया। उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची और उसके बताए अनुसार बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लग सके। इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों को एक भैंस पानी के खेत में मिल गई। एसओ बिजाराम ने बताया कि धर्मपाल ने दो बदमाशों की पहचान बताई है उसी के आधार पर दो संदिग्ध आरोपितों को पकड़कर उनसे पूछताछ की जा रही है।

chat bot
आपका साथी