ताकि न हो कोई असुविधा, दीपावली पर इन विशेष रूटों पर रोडवेज चलाएगा 437 बसें Meerut News
दीपावली के अवसर पर सफर करने की सोच रहे हैं तो रोडवेज की यह सुविधा आपको परेशानी से बचा सकता है। रोडवेज ने दिवाली पर विशेष रूट पर 437 बसें चलाने की व्यवस्था की है।
मेरठ, जेएनएन। दीपावली पर यात्रियों की भीड़ वाले रूटों पर रोडवेज मेरठ परिक्षेत्र 437 बसों की व्यवस्था करेगा। इनमें 277 बसें मेरठ से हो कर जाएंगी शेष दिल्ली आनंद विहार से चलेंगी। वर्तमान में मेरठ से लखनऊ के लिए 10 बसें हैं। अधिकारियों के अनुसार अगर यात्री उपलब्ध होंगे तो आधा घंटे के अंदर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी।
यात्रियों का रखा गया है ध्यान
दीपावली 27 अक्टूबर को है। दो नवंबर को छठ पूजा है। इन दोनों पर्वो को मनाने के लिए उत्तराखंड, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भारी संख्या में यात्री प्रस्थान करते हैं। जिसके लिए रोडवेज ने 25 अक्टूबर से तीन नवंबर के बीच बसों की विशेष व्यवस्था अलग-अलग रूटों पर की है। मेरठ परिक्षेत्र में रोडवेज और अनुबंधित को मिलाकर बेड़े में 788 बसें हैं। मेरठ परिक्षेत्र में मेरठ, सोहराबगेट, भैंसाली, बड़ौत और गढ़ डिपो शामिल हैं। चूंकि दिल्ली और आनंदविहार से यात्रियों की संख्या सबसे ज्यादा होती है।
इस प्रकार रहेगा रूट
इसलिए अधिकांश बसों का संचालन दिल्ली कश्मीरी गेट और आनंदविहार से किया जाएगा। इनमें 277 बसें वाया मेरठ या सीधे मेरठ से चलेंगी। शेष 166 बसें आनंद विहार से चलेंगी लेकिन मेरठ होते हुए नहीं जाएंगी।। मेरठ परिक्षेत्र की 30 बसें आनंद विहार से बरेली होते हुए लखनऊ सीतापुर जाएंगी। आनंदविहार से ही बरेली, मैनपुरी, बंदायू, गजरौला और धामपुर के लिए बसें जाएंगी लेकिन यह मेरठ की सीमा में प्रवेश न कर सीधे गंतव्य तक जाएंगी।