इनामी अपराधियों को पहुंचाएं सलाखों के पीछे : कमिश्नर

कमिश्नर अनीता सी मेश्राम और आइजी ने शनिवार रात में वीडियो कांफ्रेंसिग की मदद से मंडलीय कानून व्यवस्था की समीक्षा की।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 03:28 AM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 03:28 AM (IST)
इनामी अपराधियों को पहुंचाएं सलाखों के पीछे : कमिश्नर
इनामी अपराधियों को पहुंचाएं सलाखों के पीछे : कमिश्नर

मेरठ, जेएनएन। कमिश्नर अनीता सी मेश्राम और आइजी ने शनिवार रात में वीडियो कांफ्रेंसिग की मदद से मंडलीय कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने तथा ईनामी बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का निर्देश दिया। कमिश्नर ने पंचायत चुनाव की तैयारियों की भी जानकारी ली। समीक्षा बैठक में मंडल के सभी जनपदों के डीएम, एसएसपी, आरटीओ, जिला आबकारी अधिकारी, अपर निदेशक अभियोजन, जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी), वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी शामिल रहे। कमिश्नर ने सबसे पहले त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2021 को शांतिपूर्वक एवं निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए तैयारियों की जानकारी ली। कहा कि गांवों में पुरानी रंजिश, पूर्व प्रचलित विवादों एवं संभावित संघर्षों पर पुलिस और मजिस्ट्रेट गंभीर रहें। पल पल की निगरानी रखी जाए। धारा 151, 107, 116, गुंडा एक्ट, जिला बदर की कार्रवाई तेजी से की जाए। आपराधिक व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंसो को निरस्त किया जाए। कमिश्नर ने कहा कि माफिया पर सख्ती के कार्रवाई की जाए तथा पुरस्कार घोषित अपराधियों को गिरफ्तार करके जेल पहुंचाया जाये। जनपदों में अवैध शराब और अवैध बाटलिग के विरुद्ध संचालित अभियान की भी समीक्षा की तथा कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिये।

अधीक्षण अभियंता को मिली पदोन्नति

लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता संजीव भारद्वाज को पदोन्नति मिल गई है। उन्हें लोक निर्माण विभाग में ही मुख्य अभियंता बनाया गया है। हालांकि, उन्हें अभी नई तैनाती नहीं मिली है। इस संबंध में शासन से विशेष सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने पत्र जारी किया है।

अतिक्रमण अभियान का विरोध

दिल्ली रोड पर नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान का पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने विरोध किया। अध्यक्ष आशु शर्मा मौके पर पहुंचे और नगर निगम के अधिकारियों से वार्ता की। संजय कपूर, शुभम कक्कड़, अभि जैन, अमित कंसल, पियुष वशिष्ठ, विनय गुप्ता आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी