भैंसाली मैदान में होगी प्रियंका वाड्रा की जनसभा

प्रदेश अध्यक्ष अज कुमार लल्लू ने बुधवार को जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 08:09 AM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 08:09 AM (IST)
भैंसाली मैदान में होगी प्रियंका वाड्रा की जनसभा
भैंसाली मैदान में होगी प्रियंका वाड्रा की जनसभा

मेरठ, जेएनएन। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की 29 सितंबर को होने वाली जनसभा भैंसाली मैदान (सीएबी ग्राउंड) में होगी। बुधवार को मेरठ पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने तैयारियों का जायजा लिया। रोहटा रोड पर आयोजित बैठक में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जनसभा में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी। विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से जनसभा में भीड़ लेकर आने की बात कही।

प्रदेश अध्यक्ष दोपहर एक बजे पहुंचे। कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। रोहटा रोड स्थित साईं उधान राम मंडप में बैठक शुरू हुई। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी मेरठ के पदाधिकारियों, ब्लाक अध्यक्षों एवं न्याय पंचायतों के अध्यक्षों, सभी जिले के फ्रंटल एवं प्रकोष्ठ के अध्यक्षों, विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सभी संभावित उम्मीदवारों को बुलाया गया था। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन के पदाधिकारियों को जनसभा में भीड़ जुटाने, बस से लोगों को लाने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि कम से कम एक न्याय पंचायत से दो बसें आनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मेरठ में प्रियंका वाड्रा की संकल्प महारैली ऐतिहासिक होगी। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक, जिला अध्यक्ष अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी आदि मौजूद रहे। इस दौरान आप छोड़कर सलीम पठान कांग्रेस में शामिल हुए।

कांग्रेस अकेले लड़ेगी चुनाव

बैठक से पूर्व मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी पार्टी से गठबंधन की कोई बात नहीं है। कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में पूरा प्रदेश डेंगू बुखार से कराह रहा है। तीन कृषि कानूनों को लेकर किसान आंदोलित हैं, लेकिन उनकी बात तक नहीं सुनी जा रही है। योगी सरकार ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमे में जेल भेजा है। सपा, बसपा अपने हित की लड़ाई लड़ती हैं, जबकि कांग्रेस संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है।

chat bot
आपका साथी