Meerut Farmers Protest: कृषि कानून के विरोध में दिल्ली-दून बाइपास पर चक्का जाम, भाकियू का दिल्‍ली कूच का ऐलान

Meerut Farmers Protest कृषि कानून और पंजाब व हरियाणा के किसानों के साथ सरकार के रवैये से क्षुब्ध होकर भारतीय किसान यूनियन ने शुक्रवार सुबह 11 बजे से प्रदेश व्यापी चक्का जाम कर दिया। मेरठ में दिल्ली दून बाइपास पर भाकियू कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरने पर।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 12:19 PM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 02:15 PM (IST)
Meerut Farmers Protest: कृषि कानून के विरोध में दिल्ली-दून बाइपास पर चक्का जाम, भाकियू का दिल्‍ली कूच का ऐलान
मेरठ में दिल्ली-दून बाइपास पर भाकियू ने किया चक्का जाम।

मेरठ, जेएनएन। Meerut Farmers Protest Against Agriculture Bill कृषि कानून और पंजाब व हरियाणा के किसानों के साथ सरकार के रवैये से क्षुब्ध होकर भारतीय किसान यूनियन ने शुक्रवार सुबह 11 बजे से प्रदेश व्यापी चक्का जाम कर दिया। मेरठ में दिल्ली दून बाइपास पर भाकियू कार्यकर्ता जटौली कट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी की। राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल्ली और हरिद्वार, देहरादून से आवाजाही को बंद कर दिया गया। राजमार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। इस दौरान अपने गंतव्य तक न पहुंचने के कारण लोग परेशान नजर आए। वाहन सवार वैकल्पिक मार्गों को तलाशते रहे। हालांकि, भाकियू के चक्का जाम के दौरान संगठन में बिखराव साफ नजर आया। वहीं दूसरी ओर मुजफफरनगर में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ वार्ता करने के बाद आंदोलन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ दो बजे के बाद दिल्ली कूच करेगी। इसके लिए बिजनौर मेरठ बागपत के कार्यकर्ताओं को भी सूचना भिजवाई गई है।

किसानों के साथ तानाशाही वाला सरकार का रवैया

26 नवंबर गुरुवार को पंजाब व हरियाणा के किसानों ने कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली कूच किया। लेकिन दिल्ली से पहले ही उन्हें रोक दिया गया। भाकियू ने आरोप लगाया कि किसानों के उपर ठंड के मौसम में पानी की बौछारें की गई। किसानों के उपर लाठीचार्ज हुआ। जो बेहद निंदनीय है। भाकियू जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ईकडी ने कहा कि सरकार के तानाशाही वाले रवैये से किसान डरने वाले नहीं है। कृषि कानून बनाकर किसानों के साथ धोखा हुआ है। विरोध करने पर सरकार ने किसान की आवाज को कुचलने की कोशिश की। जिसका जवाब आंदोलन से दिया जाएगा।

मुजफ्फरनगर की बैठक हुआ था निर्णय

गुरुवार को मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कृषि कानूनों को वापस करने की मांग को लेकर आंदोलन के लिए रणनीति तैयार की। बैठक में निर्णय हुआ कि प्रदेश के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर धरना प्रदर्शन कर उन्हें अनिश्चितकालीन समय के लिए बंद कर दिया जाएगा। मेरठ जिले में दिल्ली दून बाइपास पर जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ईकडी आंदोलन की कमान संभालेंगे। जिला प्रेस प्रवक्ता बबलू जटौली ने बताया कि संगठन के आहवान पर किसान शुक्रवार सुबह रजाई व राशन सामग्री के साथ बाइपास पर आंदोलन को सफल बनाएंगे। इसके लिए गुरुवार शाम से कई गांवों में संपर्क किया गया। 

chat bot
आपका साथी