अवैध संबंध के विरोध पर मारपीट-पथराव, कई घायल
लालकुर्ती थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के विरोध पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए।
मेरठ,जेएनएन। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के विरोध पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पथराव होने पर अफरा-तफरी मच गई। कई थानों की पुलिस पहुंची। कुछ युवकों को हिरासत में लेकर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के मुताबिक लालकुर्ती थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पत्नी और बच्चों के साथ किराये पर रहता है। आरोप है कि महिला के घर के सामने रहने वाले किशोर से अवैध संबंध हैं। इस बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ चुके हैं। मंगलवार देर शाम किशोर महिला के घर से निकल रहा था, तभी उसका पति पहुंच गया और विवाहिता पिटाई करने लगा। इस पर किशोर ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार और साथी बुला लिए और किशोर के घर पर हमला कर दिया। घर में भी तोड़फोड़ की। दोनों पक्षों में जमकर पथराव हो गया। लाठी-डंडे चलने से किशोर पक्ष के कई लोग घायल हो गए। कई थानों की पुलिस पहुंची। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। एएसपी सूरज राय ने बताया कि कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट की वीडियो वायरल
दोनों पक्षों की मारपीट और पथराव की किसी ने वीडियो बना ली। इसमें पथराव से बचने के लिए लोग घरों में घुस रहे हैं। घटना के बाद वीडियो को वायरल भी कर दिया।
लूट का मुदकमा दर्ज: सरधना थाना क्षेत्र के नानू गांव निवासी गौरव त्यागी पुत्र छिद्दा सिंह बीते रविवार को नानू से गाजियाबाद जा रहा था। इस दौरान दलेह आइटीआइ के पास दिल्ली की ओर आ रहे तीन बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे लूट की थी। पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।