प्रियंका का स्वागत, मेरठ में भी होगी महापंचायत

कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व उप्र प्रभारी प्रियंका वाड्रा का मुजफ्फरनगर के बघरा की किसान महापंचायत में जाते समय मेरठ में तीन स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-बाजे के साथ फूलमाला से जोरदार स्वागत किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 21 Feb 2021 08:15 AM (IST) Updated:Sun, 21 Feb 2021 08:15 AM (IST)
प्रियंका का स्वागत, मेरठ में भी होगी महापंचायत
प्रियंका का स्वागत, मेरठ में भी होगी महापंचायत

मेरठ, जेएनएन। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व उप्र प्रभारी प्रियंका वाड्रा का मुजफ्फरनगर के बघरा की किसान महापंचायत में जाते समय मेरठ में तीन स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-बाजे के साथ फूलमाला से जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं का उत्साह देख प्रियंका वाड्रा ने जिलाध्यक्ष से कहा कि गुड शो, बघरा चलो। जिसके बाद बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उनके काफिले के साथ मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। करीब सवा दो घंटे की देरी से दोपहर 1.15 बजे प्रियंका वाड्रा का काफिला भूड़बराल पहुंचा। यहां पर जिलाध्यक्ष अवनीश काजला के नेतृत्व में स्वागत किया गया। प्रियंका ने गाड़ी से उतरकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की भी हुई। जाम की स्थिति बनने लगी। हालांकि प्रियंका की गाड़ी यहां से आगे बढ़ गई। भूड़बराल पर स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से हर्ष ढाका, कृष्ण कुमार किशनी, हरिकिशन आंबेडकर, अय्यूब कालिया (चेयरमैन मवाना) नवनीत नागर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। दूसरा स्वागत बिग बाइट के पास देहरादून हाइवे पर एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं ने किया। जिसमें रोहित राणा, सूर्याश तोमर, नितीश भारद्वाज, अल्तमश त्यागी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। तीसरा स्वागत दादरी (सकौती) पर शेर मोहमद, रमेश सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं, प्रियंका वाड्रा का काफिला शनिवार को मुजफ्फरनगर जाते हुए हाईवे-58 स्थित सिवाया टोल प्लाजा की लेन नंबर-पांच से निकला। इस लेन को काफिला के आने से पहले ही टोल प्रबंधन ने रिजर्व करा दिया था।

खतौली में पांच मिनट मेरठ पर की बात

जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा से खतौली में मुलाकात हुई। मेरठ पर उन्होंने पांच मिनट बात की। प्रियंका वाड्रा ने कहा है कि मेरठ में जल्द किसान महापंचायत होगी। इसके लिए पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयार रहें। जिलाध्यक्ष ने कहा कि मेरठ में किसान महापंचायत मार्च के पहले सप्ताह में होने की संभावना है।

..जब बागपत सासद ने पूछा कौन आ रहा है

भूड़ बराल में दिल्ली रोड किनारे काग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा का इंतजार कर रहे थे। तभी बागपत सासद सत्यपाल सिंह की गाड़ी निकली। जिसे प्रियंका वाड्रा की गाड़ी समझ कांग्रेस कार्यकर्ता फूलमाला लेकर पहुंच गए। बागपत सासद ने जैसे ही शीशा उतारा। कांग्रेसी रुक गए। सांसद ने मुस्कुराते हुए पूछा कौन आ रहा है। फिर आगे बढ़ गए।

chat bot
आपका साथी