Prabudh Sammelan In Meerut: भाजपा संगठन महामंत्री सुनील बंसल बोले-भारत से दोस्ती के लिए लालायित है दुनिया
Prabudh Sammelan In Meerut मेरठ में भाजपा के संगठन महामंत्री ने शुक्रवार को कहा कि दुनिया की आधी आबादी चीन और भारत में है। दुनिया भारत से अलग होकर बाजार नहीं पा सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की साख बढ़ाई।
मेरठ, जागरण संवाददाता। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने प्रबुद्ध सम्मेलन में कहा कि दुनिया में भारत की इज़्ज़त बढ़ी है। विकास का पैमाने देश पीछे था। अब दुनिया के देश भारत से दोस्ती के लिए लालायित हैं। बंसल ने कहा कि दुनिया की आधी आबादी चीन और भारत मे है। दुनिया भारत से अलग होकर बाजार नहीं पा सकता। मोदी ने देश की साख बढ़ाई। आर्थिक गिरावट आई तो हमारी बचत की आदत ने हमें बचा लिया था। 40 फीसद युवा हैं, जो बडी शक्ति है। लोकल इंजन की तलाश में किसान ने जुगाड़ बनाया। ऐसे कितने जुगाड़ हमारी उधमशीलता को दिखाते हैं। मध्य वर्ग की सर्विस चेन ने कोरोनकाल में लोगों को बचा लिया। भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ा है। दीनदयाल ने कहा, राज नहीं समाज बदलना है.....बाधा होने पर राज भी बदलना है।
शहर चमके और गांव भी जगमगाए
एक वंश नहीं, विचार के आधार पर चलने वाली पार्टी है। व्यवस्था का भारतीयकरण करना है। देश मे उद्योंगों के साथ गांव के कुटीर उद्योग भी बढ़ें। तकनीक भी पैदा हो, लेकिन रोजगार भी बढ़े। माल बने तो गरीब का पक्का मकान भी बनें। विवि बनें तो हमारे गांव का स्कूल भी बेहतर हो। एम्स बने तो पीएचसी भी मैंटेन की जाए। एक्सप्रेस वे के साथ हर गांव को सड़क से जोड़ा जा रहा है। 24 घंटे बिजली मिले तो अंतिम छोर के व्यक्ति के घर भी बल्ब जले। पिछले सात साल में नया भारत बनता दिख रहा है। जागरूक महिलाओं को आगे बढ़ता देख रहे हैं। हवाई चप्पल पहनकर हवाई यात्रा भी की जा सकेगी। भंडारण न होने से आधी उपज खराब हो जाती है। गांव का व्यक्ति ऑनलाइन व्यापार कर सकेगा।
हाथ मे झाड़ू लेकर सफ़ाई करने वाला पीएम भी देखा
अटलजी की बात पर अमल करते हुए हर घर तक साफ पानी पहुंचाया जा रहा है। सफाई होगी तो विश्व के लोग पर्यटन के लिए आएंगे। स्वच्छ देश ही सुंदर और स्वस्थ देश बन सकता है। 150 प्रकार की योजनाएं मोदी सरकार ने चलाया है। 125 करोड़ में सभी लोगों को आगे बढ़ाना होगा। लाल किले से भी मोदी ने यही कहा। हाथ मे झाड़ू लेकर गलियों को साफ करने वाला पीएम देखा। हाथ मे फावड़ा लेकर सफाई करने वाला पीएम देखा। अमेरिका की धरती से भारत माता की जय बोलने वाला पीएम देखा। पशुपतिनाथ के दर्शन के बाद मस्तक पर त्रिपुंड लगाने वाला पीएम देखा है। आने वाली पीढ़ी ऐसे पीएम के बारे में पढ़ेगी।
यूपी में अब कास्ट, क्राइम और करप्शन खत्म
साढ़े चार साल में योगी की सरकार ने अपराध खत्म कर दिया। कॉस्ट, क्राइम और करप्शन ही सूबे की पहचान बन गया था। सपा सरकार ने रंगदारी और माफियाओं को बढ़ावा दिया। आज यूपी में अपराधियों की हिम्मत टूट गयी है। सुरक्षित प्रदेश होने पर ही निवेश होगा। यूपी में अब ऐसा वातावरण बन चुका है। 2017 से पहले 15 साल में यूपी से 80 लाख ने पलायन किया।
राजनीतिक है किसान आंदोलन
बंसल ने कहा कि डर और बेरोजगारी से सब बाहर गए। यूपी में कानून राज आते ही लोग लौटने लगे हैं। कोरोनकाल में जो आये, अब यहीं रुकने लगे हैं। प्रदेश सरकार में कोई घोटाला सामने नहीं आया। चार लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरियां दी गईं। सपा और बसा ने जाति और पैसे के आधार पर नौकरी दी। किसानों की आय दोगुनी करने, गन्ना किसानों को भुगतान करने हम आगे रहे। किसान आंदोलन राजनीति से प्रेरित है।
अब भव्य राम मंदिर और दिव्य कुम्भ है यूपी की पहचान
यूपी नई पहचान बनाने में सफल रहा। 40 प्रकार के कामों में यूपी नम्बर एक रहा है। अब किसान आंदोलन राजनीति से प्रेरित है। अयोध्या में दीपोत्सव मनाया जाता है। दिव्य कुम्भ और भव्य राम मंदिर से पहचान होगी। ब्रज, बरसाना, काशी और मथुरा से यूपी की पहचान होगी। हर पांचवे में से एक व्यक्ति यूपी का है। प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान मजबूत हो रही है।