ऑनलाइन मंथन और पर्यावरण संरक्षण

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर शुक्रवार को शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और क्लब ने जगह-जगह पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तो कहीं ऑनलाइन चर्चा भी हुई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 06 Jun 2020 03:00 AM (IST) Updated:Sat, 06 Jun 2020 06:11 AM (IST)
ऑनलाइन मंथन और पर्यावरण संरक्षण
ऑनलाइन मंथन और पर्यावरण संरक्षण

मेरठ, जेएनएन। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर शुक्रवार को शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और क्लब ने जगह-जगह पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, तो कहीं ऑनलाइन चर्चा भी हुई। ग्रीन इहा स्माइल क्लब की टीम ने शास्त्रीनगर स्थित टैगोर पार्क में फलों के पौधे लगाए, जिनकी पौध क्लब की अध्यक्ष सात साल की इहा ने स्वयं तैयार की थी। वे घर में खाए जाने वाले फलों के बीज एकत्र कर फलों की पौध तैयार करने का काम कर रही हैं। बेटियां फाउंडेशन की सदस्यों ने अपने-अपने घरों में पौधे लगाकर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। इस कार्य में अध्यक्ष अंजू पांडे, कुसुम मित्तल, शिवकुमारी गुप्ता, क्षमा शर्मा और सौम्या पांडे का सहयोग रहा।

पीएन शर्मा रोड निवासी आरव, मान्या और आन्या बंसल ने घर में पौधे लगाने के साथ ही पोस्टर के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। केनरा बैंक आरसेटी की ओर से अशोक के पौधे लगाए। इस दौरान बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक रमाकांत शर्मा और संस्थान के निदेशक रविकांत अंग्रीश भी उपस्थित रहे।

एबीवीपी की ओर से पर्यावरण दिवस पर पौधे लगाने के साथ ही पक्षियों के लिए दाने और पानी की व्यवस्था भी की गई। महानगर संयोजक जतिन ने बताया कि गर्मी में बेजुबान पक्षियों के लिए सदस्यों ने जगह-जगह सकोरे रखे और दाने की भी व्यवस्था की।

कोशिश समाजिक संगठन की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रत्येक व्यक्ति को पांच पौधे लगाने के लिए जागरूक किया गया। जिससे हर घर के आगे हरियाली हो सकें। इस कार्य में अजय सेठी और संचित कुलश्रेष्ठ का सहयोग रहा। माहेश्वरी महिला मंडल की महिला सदस्यों ने घर में ही गमलों में पौधे लगाकर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। साथ ही हरियाली का संदेश दिया। एनवायरमेंट क्लब में इस अवसर पर जलवायु परिवर्तन और कार्बन उत्सर्जन जैसे विषयों पर वेबिनार चर्चा हुई। क्लब के अध्यक्ष सावन कन्नौजिया ने टीम के साथ मिलकर लोगों को जल बचाव के लिए जागरुक किया।

chat bot
आपका साथी