योजना तैयार, अवैध होर्डिग पर चलेगा डंडा अबकी बार

अवैध होर्डिग्स न केवल शहर की सुंदरता पर दाग लगा रहे हैं बल्कि नगर निगम को

By JagranEdited By: Publish:Wed, 13 Oct 2021 02:15 AM (IST) Updated:Wed, 13 Oct 2021 02:15 AM (IST)
योजना तैयार, अवैध होर्डिग पर चलेगा डंडा अबकी बार
योजना तैयार, अवैध होर्डिग पर चलेगा डंडा अबकी बार

मेरठ,जेएनएन। अवैध होर्डिग्स न केवल शहर की सुंदरता पर दाग लगा रहे हैं, बल्कि नगर निगम को विज्ञापन से होने वाली आय में भी लाखों की चपत लग रही है। निगम ने इन पर अंकुश लगाने की कार्ययोजना तैयार कर ली है। अब मनमाने तरीके से सड़क पटरी या नाले पर होर्डिग्स नहीं लगाए जा सकेंगे। शहर में अब केवल यूनिपोल पर ही होर्डिग्स लगाने की अनुमति रहेगी।

नगर आयुक्त मनीष बंसल ने इस कार्ययोजना को अमलीजामा पहनाने की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय को सौंपी है। अपर नगर आयुक्त को वरिष्ठ प्रभारी विज्ञापन का चार्ज सौंपा है। उनके सहायक प्रभारी की भूमिका में कर अधीक्षक नरेश सिवालिया रहेंगे। जबकि अभी तक विज्ञापन प्रभारी का काम कर निर्धारण अधिकारी नर सिंह राणा देख रहे थे। उनके काम से असंतुष्ट नगर आयुक्त ने उन्हें विज्ञापन प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है। अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय ने बताया कि विज्ञापन मद में नगर निगम की आय बेहद कम है। इसकी प्रमुख वजह अवैध होर्डिग्स हैं। इन पर लगाम लगाने की जो कार्ययोजना तैयार हुई है। उसके तहत केवल यूनिपोल पर होर्डिग्स लगाने की अनुमति प्रदान की जाएगी। इस संबंध में पंजीकृत सभी विज्ञापन एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई है। उन्हें इसकी जानकारी दी गई है। इस पर वे भी सहमत हैं। यह प्लान नगर निगम सदन की अनुमति से लागू किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में कुल 279 स्थान होर्डिग्स के लिए नगर निगम से चिह्नित हैं। इसके अलावा जितने भी होर्डिंग्स लगे हैं, सब अवैध हैं। उन्हें हटाया जाएगा। जल्द ही अवैध होर्डिंग्स हटाने का अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पंजीकृत विज्ञापन एजेंसियों से उनकी स्वीकृत होर्डिंग्स की सूची फोटो के साथ मांगी गई है।

chat bot
आपका साथी