तेजाब गिरते ही छटपटाने लगे लोग, एक घंटे बाद पहुंची लिसाड़ी गेट पुलिस

दर्दनाक हादसे में झुलसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। कोई पानी से तेजाब को साफ कर रहा था तो कोई उनके कपड़े उतार रहा था।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 07:11 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 07:11 AM (IST)
तेजाब गिरते ही छटपटाने लगे लोग, एक घंटे बाद पहुंची लिसाड़ी गेट पुलिस
तेजाब गिरते ही छटपटाने लगे लोग, एक घंटे बाद पहुंची लिसाड़ी गेट पुलिस

मेरठ, जेएनएन। दर्दनाक हादसे में झुलसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। कोई पानी से तेजाब को साफ कर रहा था, तो कोई उनके कपड़े उतार रहा था। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि तेजाब गिरने के बाद लोग कैसे छटपटा रहे थे।

दुर्घटना के कुछ देर बाद ही एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हुई, जिसमें पहले ई-रिक्शा आती हुई दिखाई दी। उससे गिरी कैन पर ट्रक का टायर चढ़ गया। जैसे ही ट्रक आगे निकला तो फिर लोगों के चिल्लाने की आवाज आने लगी। पहले तो आसपास के लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। इसके बाद चिल्ला रहे लोगों के पास पहुंचे तो माजरा समझ में आ गया। आनन-फानन पानी से किसी का हाथ साफ कराया तो किसी का मुंह। किसी को सड़क किनारे जमा पानी में लिटा दिया तो किसी के कपड़े उतार दिए। चीख-पुकार के बीच ही उनको अस्पताल में भेज दिया। इस दौरान वहां से गुजर रहीं कुछ महिलाओं पर भी छींटे पड़े, लेकिन उनसे कोई नुकसान नहीं हुआ।

एक घंटे बाद पहुंची लिसाड़ी गेट पुलिस

घटना के कुछ समय बाद ही ब्रह्मापुरी पुलिस पहुंच गई। उन्होंने भी कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। ई-रिक्शा को पुलिसकर्मी थाने ले गए। आसपास के लोगों का कहना था कि सूचना के एक घंटे बाद लिसाड़ी गेट पुलिस पहुंची, जबकि उसे पहले ही आ जाना चाहिए था। हालांकि सीमा विवाद की भी स्थिति पैदा हो गई। सड़क पर कोई डिवाइडर नहीं है। जहां हादसा हुआ, वहां आधी सड़क ब्रह्मापुरी क्षेत्र में तो आधी लिसाड़ी गेट में आती है। जहां लोग झुलसे वह लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र था। बाद में अफसरों ने बताया कि मामला लिसाड़ीगेट क्षेत्र का ही है।

chat bot
आपका साथी