Oxygen In Meerut: शहर के तीनों केंद्रों पर 90 आक्सीजन सिलेंडर रिजर्व, इमरजेंसी में तत्काल मुहैया कराई आक्सीजन

मेरठ में गुरुवार को तीनों आक्सीजन संग्रह-वितरण केंद्रों पर जिला प्रशासन के माध्यम से लगभग 90 आक्सीजन सिलेंडरों को रिजर्व कर लिया गया है। अब इमरजेंसी में किसी को आक्सीजन के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। प्रशासन ने इसके लिए पुख्‍ता तैयारी की है।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 12:30 AM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 12:30 AM (IST)
Oxygen In Meerut: शहर के तीनों केंद्रों पर 90 आक्सीजन सिलेंडर रिजर्व, इमरजेंसी में तत्काल मुहैया कराई आक्सीजन
फिलहाल शहर के तीनों केंद्रों पर 90 आक्सीजन सिलेंडर रिजर्व हैं।

मेरठ, जेएनएन। Oxygen In Meerut सांसों के संकट से जूझते शहरवासियों को नगर निगम के तीनों केंद्रों से इमरजेंसी में मरीजों को तुरंत आक्सीजन भरे सिलेंडर मुहैया कराई जाने लगे हैं। इसके लिए गुरुवार को तीनों आक्सीजन संग्रह-वितरण केंद्रों पर जिला प्रशासन के माध्यम से लगभग 90 आक्सीजन सिलेंडरों को रिजर्व कर लिया गया है। अब इमरजेंसी में किसी को आक्सीजन के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यह दावा नगर निगम अधिकारियों ने किया है। गुरुवार को नगर आयुक्त मनीष बंसल ने डिफेंस एंक्लेव सामुदायिक केंद्र कंकरखेड़ा, जाग्रति विहार सामुदायिक केंद्र सेक्टर तीन और नवभारत विद्यापीठ इंटर कालेज परतापुर केंद्र का औचक निरीक्षण किया। तीनों ही केंद्रों पर दोपहर 12 बजे तक जमा हुए खाली सिलेंडरों को गैस प्लांट भरने के लिए भिजवाए।

रिजर्व में रखवाए

इसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से कुछ गाजियाबाद और कुछ गैस प्लांटों से मिले आक्सीजन सिलेंडरों को तीनों ही केंद्रों में रिजर्व में रखवाए। नगर आयुक्त ने बताया कि परतापुर केंद्र में कुल 50 आक्सीजन सिलेंडर रिजर्व में रखे गए हैं। जबकि कंकरखेड़ा और जाग्रति विहार सेक्टर तीन स्थित केंद्र में 20-20 आक्सीजन सिलेंडर रिजर्व में रखे गए हैं। इसमें समाजसेवियों ने भी सिलेंडर मुहैया कराए हैं।

आक्सीजन लेवल चेक होगा

केंद्रों के नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि तीमारदार आक्सीजन भरा सिलेंडर तुरंत मांगता है तो मरीज का सबसे पहले आक्सीजन लेवल चेक किया जाएगा। अगर लगता है कि वीडियो काल करके मरीज की स्थिति चेक करनी है तो वह भी की जाएगी। कम आक्सीजन लेवल होने पर तीमारदार से सारे दस्तावेज और निर्धारित शुल्क, उसका खाली सिलेंडर जमा कराया जाएगा और बदले में रिजर्व में रखा आक्सीजन से भरा सिलेंडर उन्हें दिया जाएगा। निरीक्षक के दौरान सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय भी मौजूद रहे।

खाली सिलेंडर भरने में दिखाई तत्परता

यही नहीं,नगर आयुक्त की सख्ती के बाद तीनों ही केंद्रों ने खाली सिलेंडर भरवाने में भी तत्परता दिखाई। जिससे देर शाम तक सभी केंद्रों पर आक्सीजन भरे सिलेंडर पहुंच गए और उनका वितरण भी अधिकतम पांच से छह घंटे में शुरू हो गया। रात 10 बजे तक तीनों ही केंद्रों में गुरुवार को जमा हुए 135 खाली सिलेंडरों के सापेक्ष आक्सीजन भरे 97 सिलेंडरों का वितरण कर दिया गया। बाकी सिलेंडर शुक्रवार सुबह बांटे जाएंगे।

आज से अंत्योदय कार्ड दिखाने पर नहीं देना होगा शुल्क

नगर आयुक्त मनीष बंसल ने बताया कि शुक्रवार से अंत्योदय कार्ड दिखाने पर मरीज को आक्सीजन भरे सिलेंडर का निर्धारित शुल्क नहीं देना होगा। उसका खाली सिलेंडर लेकर उसे निश्शुल्क आक्सीजन भरा सिलेंडर मुहैया कराया जाएगा। यह व्यवस्था तीनों ही केंद्रों पर लागू रहेगी।

एक नजर में वितरण

परतापुर केंद्र

- 64 खाली सिलेंडर जमा हुए गुरुवार शाम चार बजे तक।

- 45 कुल आक्सीजन भरे सिलेंडर बांटे गए रात नौ बजे तक।

- 20 इमरजेंसी वाले मरीज रहे बांटे गए 45 सिलेंडरों में से।

कंकरखेड़ा केंद्र

- 38 खाली सिलेंडर जमा हुए गुरुवार शाम चार बजे तक।

- 26 कुल आक्सीजन भरे सिलेंडर बांटे गए रात नौ बजे तक।

- 03 इमरजेंसी वाले मरीज रहे बांटे गए 26 सिलेंडरों में से।

जाग्रति विहार सेक्टर तीन केंद्र

- 33 खाली सिलेंडर जमा हुए गुरुवार शाम चार बजे तक।

- 26 कुल आक्सीजन भरे सिलेंडर बांटे गए रात नौ बजे तक।

- 02 इमरजेंसी वाले मरीज रहे बांटे गए 26 सिलेंडरों में से।

आक्सीजन संग्रह-वितरण केंद्रों का हाल

- पांचवे दिन पटरी पर आई व्यवस्था, नगर आयुक्त ने तीनों केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, आक्सीजन भरे सिलेंडर वितरण में आई तेजी

chat bot
आपका साथी